Logo
बलौदाबाजार जिले के पलारी से रोहासी रोड पर एक तेज रफ्तार क्रूजर वाहन ने दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। 

कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। पलारी से रोहासी रोड पर एक तेज रफ्तार क्रूजर वाहन ने दो दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवतियों समेत एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पलारी से लगभग तीन किलोमीटर आगे रोहाशी रोड पर तेज रफ्तार क्रूजर वाहन का चालक कथित रूप से शराब के नशे में लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। इसी दौरान उसने पहले एक मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक मोटरसाइकिल सहित वाहन के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद क्रूजर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में उतर गया। 

शराब के धुत में था ड्राइवर 
बताया जा रहा है कि इसके बाद क्रूजर वाहन ने दूसरी स्कूटी को भी टक्कर मार दी, जिसमें तीन भाई-बहन सवार थे। टक्कर से तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बलौदाबाजार रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शराब के नशे में धुत वाहन चला रहे चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

कसडोल विधायक ने भी जताई थी चिंता 
गौरतलब है कि जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर एक दिन पहले ही कसडोल विधायक संदीप साहू ने चिंता जताई थी। इसके बावजूद जिले में लगातार सड़क दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। दो दिन पूर्व ही सिमगा क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई थी और 26 से अधिक लोग घायल हुए थे।

5379487