संजय यादव- कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बानो में चोरों ने गरीबों के हक पर ही हाथ साफ कर दिया। शासकीय उचित मूल्य दुकान का ताला तोड़कर चोर 53 कट्टा यानी करीब 26 क्विंटल सरकारी चावल और इलेक्ट्रॉनिक कांटा चोरी कर ले गए। चोरी किए गए सामान की कुल कीमत करीब 75 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, आज और कल की दरमियानी रात को अज्ञात चोरों ने राशन दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखा सरकारी चावल और इलेक्ट्रॉनिक कांटा पार कर दिया। सुबह जब रोज की तरह सोसायटी संचालक दुकान पहुंचे तो ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि 53 कट्टा चावल और इलेक्ट्रॉनिक कांटा गायब है।
कवर्धा जिले में अज्ञात चोरों ने शासकीय उचित मूल्य दुकान का ताला तोड़कर 53 कट्टा (करीब 26 क्विंटल) सरकारी चावल और इलेक्ट्रॉनिक कांटा चोरी कर लिया। @KabirdhamDist #Chhattisgarh pic.twitter.com/csyvAYsd4Y
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 8, 2026
मौके पर पहुंची पुलिस टीम
इसके बाद संचालक ने तत्काल मामले की जानकारी विभागीय अधिकारियों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई है।
गरीबों के हिस्से का राशन हुआ चोरी
गौरतलब है कि, छत्तीसगढ़ सरकार अन्नपूर्णा योजना के तहत गरीब परिवारों को निशुल्क चावल उपलब्ध कराती है ताकि कोई भी जरूरतमंद भूखा न सोए। लेकिन बानो गांव में चोरों ने गरीबों के हिस्से का राशन ही चोरी कर लिया, जिससे ग्रामीणों में भी नाराजगी देखी जा रही है।









