Logo
भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट पर 29 मार्च से समर फ्लाइट शेड्यूल लागू होगा। इंडिगो की शाम की मुंबई फ्लाइट और भोपाल-गोवा सीधी उड़ान बंद होगी, जबकि नवी मुंबई के लिए नई फ्लाइट शुरू की जा रही है। जानिए नए टाइमिंग और यात्रियों पर इसका क्या असर पड़ेगा।

भोपाल। राजाभोज एयरपोर्ट पर 29 मार्च से नया समर फ्लाइट शेड्यूल लागू होने जा रहा है। हर साल गर्मियों के मौसम में एयरलाइंस कंपनियां अपने उड़ानों के समय और रूट में बदलाव करती हैं। इस बार भी अलग-अलग विमानन कंपनियां जल्द ही अपनी नई समय-सारिणी जारी करेंगी। इसी बीच इंडिगो ने कुछ अहम बदलावों की घोषणा कर दी है और भोपाल से नवी मुंबई के लिए नई उड़ान की बुकिंग भी शुरू कर दी है।

इंडिगो बंद करेगी शाम की मुंबई फ्लाइट
इंडिगो ने भोपाल और मुंबई के बीच चलने वाली शाम की एक फ्लाइट को बंद करने का फैसला लिया है। अभी तक यह फ्लाइट मुंबई से दोपहर 3:15 बजे उड़ान भरकर शाम 4:45 बजे भोपाल पहुंचती थी और फिर भोपाल से शाम 5:15 बजे रवाना होकर लगभग 7:05 बजे मुंबई पहुंचती थी। यह सेवा 28 मार्च तक ही उपलब्ध रहेगी। 

29 मार्च से नवी मुंबई के लिए नई फ्लाइट
29 मार्च से इस फ्लाइट की जगह भोपाल से नवी मुंबई के लिए नई उड़ान शुरू की जाएगी। नई सेवा के तहत नवी मुंबई से विमान शाम 6:50 बजे उड़ान भरकर रात लगभग 8:10 बजे भोपाल पहुंचेगा। वहीं वापसी में यह विमान रात रात 8:50 बजे के भोपाल से रवाना होगा और लगभग 10:20 बजे नवी मुंबई पहुंचेगा।  

भोपाल-गोवा सीधी उड़ान होगी बंद
इसी के साथ एक और बड़ा बदलाव यह है कि भोपाल से गोवा के बीच चलने वाली इंडिगो की सीधी फ्लाइट भी 29 मार्च से बंद हो जाएगी। अभी यह उड़ान भोपाल से दोपहर 3:20 बजे उड़ान भरकर शाम करीब 5:05 बजे गोवा पहुंचती थी। वहीं गोवा से वापसी उड़ान दोपहर 1 बजे रवाना होकर लगभग 2:50 बजे भोपाल आती थी।

समर वेकेशन में यात्रियों को होगी परेशानी 
भोपाल-गोवा रूट पर किराया सामान्य तौर पर 4500 से 5000 रुपए के बीच रहता था और यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स भी मिल रहा था। फिर भी कंपनी ने इस सेवा को जारी न रखने का निर्णय लिया है। गोवा जाने वाली सीधी उड़ान बंद होने से खासकर समर वेकेशन के दौरान यात्रियों को परेशानी हो सकती है। अब उन्हें दूसरे शहर से कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी पड़ेगी। 

भोपाल से अधिक उड़ानें शुरू करने के प्रयास
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार भोपाल से और अधिक उड़ानें शुरू कराने के प्रयास जारी हैं। एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस को भी भोपाल से सेवाएं शुरू करने के लिए आमंत्रित किया गया है। अगर यह प्रयास सफल होता है तो आने वाले समय में यात्रियों को और अधिक शहरों के लिए सीधी उड़ानें मिल सकती हैं।

5379487