Sehore News: मध्यप्रदेश। सीहोर में भीषण सड़क हादसे के चलते दो नाबालिगों की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग घायल हैं जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि, मध्यप्रदेश शासन लिखी बोलेरो की टक्कर एक बाइक से हो गई थी। इसी बाइक पर चारों लोग सवार थे।
चालक ने भागने की कोशिश की
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। हादसे के बाद चालक ने भागने की कोशिश की लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बोलेरो की स्पीड काफी तेज थी
जानकारी के अनुसार, शुगर फैक्ट्री चौराहे और लुनिया चौराहे के बीच बाबा मंदिर के पास रात 11 बजे यह हादसा हुआ। लोगों का कहना है कि, बोलेरो की स्पीड काफी तेज थी और चालक लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। बाइक को टक्कर मारने के बाद बोलेरो अनियंत्रित हो गई। हादसे के बाद पहले बोलेरो एक ट्रैक्टर से टकराई इसके बाद एक घर में जा घुसी।
दो लोग अस्पताल में भर्ती
हादसे में अमित चौहान और विवेक चौहान की मौत हो गई। धीरज और विक्रम चौहान घायल हैं। चारों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया था लेकिन अमित चौहान को डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। विवेक चौहान की हालत गंभीर थी इसलिए उसे भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया था। हालांकि इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
किस विभाग का है वाहन
वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसके ब्लड सैम्पल को जांच के लिए भेजा गया है। ड्रिंक एंड ड्राइव की पुष्टि होने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 भी जोड़ी जाएगी। क्योंकि वाहन पर मध्यप्रदेश शासन लिखा था इसलिए इस बात की भी जांच की जा रही है कि, वाहन किस विभाग का है।









