Logo
election banner
Mausam News: देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक 12 और 13 मार्च को फिर से दिल्ली में बारिश होने की संभावना है।

Delhi Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से मौसम का रुख बदलने वाला है। दरअसल, दिल्ली में एक बार फिर से बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक तीन दिन बाद मौसम करवट लेगा। इसके बाद 12 और 13 मार्च को बारिश होने की संभावना है। आज दिन का मौसम साफ रहेगा और तेज हवाएं चलेंगी। इसके अलावा, तापमान में आंशिक बढ़ोतरी की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश के बाद मौसम के कूल की स्थिति यूं ही बरकरार रहेगी।

कब होगी बारिश 

आईएमडी के मुताबिक आज शनिवार को दिन का मौसम साफ रहेगा, लेकिन सरसराती हवाएं चलने का अनुमान है। सुबह के समय न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। जबकि अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। आज से तीन दिन बाद यानी 12 और 13 मार्च को आसमान में बादल छाने और बूंदाबांदी के आसार हैं। हालांकि, 14 मार्च को फिर से मौसम साफ होगा। 

अधिकतम और न्यूनतम तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक बीते दिन 8 मार्च को न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। जबकि अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री दर्ज किया जो सामान्य से एक डिग्री कम था। 10 से 14 मार्च के बीच तापमान में उतार-चढ़ाव के संकेत हैं। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 34 साल बाद राजधानी दिल्ली में मार्च में इतनी ठंड देखने को मिल रही है। हालांकि, बारिश के बाद ये सिलसिला अगले कुछ दिन और चल सकता है।  

दिल्ली में प्रदूषण का हाल 

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक बीते दिन शुक्रवार के दिल्ली में समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक 179 दर्ज किया गया। एनसीआर के गुरुग्राम का सबसे अधिक एक्यूआई 206 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी आता है। इसके अलावा, फरीदाबाद में एक्यूआई 163, नोएडा में 126 व गाजियाबाद में 115 रहा। हालांकि, दिल्ली में प्रदूषण से राहत अभी कुछ दिन ऐसे ही मिलने की संभावना है, इसके पीछे की वजह तेज हवाएं हैं। बता दें कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।

ये भी पढ़ें:- यूपी में लगातार बदल रहा मौसम का मिजाज, पश्चिमी इलाकों में बढ़ सकती है ठंड

5379487