Logo
Delhi NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर में भयंकर गर्मी का दौर जारी है। आलम ये है कि एसी हो या कूलर कहीं भी राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल गर्मी से कोई राहत मिलती हुई नहीं दिखाई दे रही है।

Delhi Mausam News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में आसमान से आग बरस रही है। प्रचंड गर्मी के चलते लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है, अगले तीन दिनों तक अभी आसमान से आग बरसने वाली है। इस दौरान तापमान 43 से 46 सेल्सियस डिग्री पहुंचने की अनुमान है। वहीं, रात में 31 से 32 डिग्री तापमान पहुंच सकता है।

रविवार सीजन का सबसे गर्म दिन रहा

स्काईमेट के मुताबिक रविवार का दिन दिल्ली में सीजन का सबसे गर्म दर्ज हुआ। इस मौसम में दिल्ली में अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। जबकि सोमवार को अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। वहीं, न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसके अलावा दिल्ली के तीन जगहों पर आज सोमवार को अधिकतम तापमान 48 डिग्री से ऊपर पहुंच गया।

दिल्ली में पारा पहुंचा 49 डिग्री के करीब

प्रादेशिक मौसम विज्ञान विभाग केंद्र दिल्ली (आईएमडी) के अनुसार मुंगेशपुर में सबसे ज्यादा 48.8 डिग्री सेल्सियस, नजफगढ़ में 48.6 डिग्री सेल्सियस, नरेला में 48.4 डिग्री सेल्सियस और जाफरपुर 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आईएमडी के मुताबिक मंगलवार को पारा और चढ़ेगा जिसके चलते तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। विभाग ने 27-29 मई तक भीषण गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, 30 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यानी मई के अंत तक दिल्ली में भीषण गर्मी और झुलसाने वाली लू लोगों के लिए परेशानी का कारण बना रहेगा।

मई भर गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं

बता दें, पिछले शनिवार से दिल्ली एनसीआर में शुष्क और गर्म उत्तर-पश्चिमी हवाएं लौट आई हैं। जिसके कारण पारे का स्तर 40 के मध्य से 45 तक बढ़ गया है। दिल्ली में पिछले 2 सप्ताह से लगातार अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया जा रहा है। तब से यह तीन बार 44 डिग्री के स्तर को पार कर चुका है। मई महीने के आखिर तक पारा 45 डिग्री के आसपास बना रहेगा। इस अवधि के दौरान तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक भी पहुंच सकता है।

गर्मी ने 2 दशक का तोड़ा रिकॉर्ड 

इससे पहले, दिल्ली में पिछले 2 दशकों में केवल एक बार 46 डिग्री सेल्सियस का तापमान पहुंचा था। सफदरजंग में 46 डिग्री का रिकॉर्ड है, जो 27 मई 2020 को दर्ज किया गया था। यह पिछले 2 दशकों में मई के महीने में सबसे अधिक है। अगले 2 दिनों में तापमान इस रिकॉर्ड को भी तोड़ सकता है। मौसम की स्थिति गर्म और शुष्क रहेगी, दोपहर में लू की स्थिति रहेगी।

ये भी पढ़ें:- तपती गर्मी के बीच राहत की खबर, पांच दिन में दस्तक देगा मानसून, मौसम विभाग ने कहा- बंपर होगी बारिश

1 जून को बारिश की संभावना

हालांकि, जून के शुरुआत में कुछ राहत मिलने की संभावना है। 1 और 2 जून को तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। साथ ही हल्की बारिश भी होने की संभावना है। रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली में मानसून 25 से 30 जून के बीच पहुंच सकता है। बता दें कि वैसे तो दिल्ली में मानसून की बारिश जुलाई के पहले हफ्ते से शुरू होती है लेकिन इस बार की स्थिति थोड़ी अलग हो सकती है। इससे पहले जून महीने की शुरूआत प्री मानसून बरसात से हो सकती है।

स्काईमेट वेदर के अनुसार उत्तरी मैदानी इलाकों में कम गर्मी के कारण उत्तरी राजस्थान और आसपास के पंजाब क्षेत्र के कुछ हिस्सों में निम्न स्तर का चक्रवाती परिसंचरण बन गया है। हालांकि, यह शुष्क परिसंचरण है और किसी मौसमी गतिविधि की संभावना नहीं है। इस परिसंचरण से पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा, जो पहले दिल्ली के करीब थी, अब उत्तर की ओर बढ़ गई है।

5379487