Logo
election banner
Delhi Lok Sabha Chunav: दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर भाजपा के सभी प्रत्याशी करोड़पति हैं। सातों उम्मीदवारों ने चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे में अपनी संपत्ति का जिक्र किया है।

Delhi BJP Candidates Property: देश की राजधानी दिल्ली में लोकसभा की सात सीटें हैं, छठे चरण में 25 मई को एक साथ सभी सीटों पर मतदान होना है, 28 अप्रैल से शुरु हुई नामांकन प्रक्रिया का आज 6 मई आखिरी दिन है। ऐसे में बीजेपी के सातो उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर चुके हैं।

पर्चा दाखिला के दौरान चुनावी हलफनामे सभी प्रत्याशियों ने चुनाव आयोग को अपनी संपत्ति के बारे में जानकारी दी है, अब सबके जेहन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर किस प्रत्याशी के पास कितनी संपत्ति है, कौन से प्रत्याशी करोड़पति या कौन लखपति है, किसके पास कितनी कार है, इन सभी सवालों का जवाब इस आर्टिकल में विस्तार से जानेंगे। तो चलिए शुरु करते हैं...

बांसुरी स्वराज के पास कितनी संपत्ति

नई दिल्ली लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार बांसुरी स्वराज करोड़ों की मालकिन हैं। चुनावी हलफनामे में चुनाव आयोग को दी गई जानकारी के मुताबिक उनके पास 11.27 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और आठ करोड़ रुपये से अधिक की अचल संपत्ति है। इसके अलावा हरियाणा के पलवल में संयुक्त संपत्ति का 1/6 हिस्सा है, जिसकी कीमत लगभग 99.34 लाख रुपये है।

बांसुरी के पास तीन फ्लैट हैं जिनमें से दो जंतर मंतर पर और एक दिल्ली के हेली रोड पर स्थित हैं। इसके अलावा बांसुरी स्वराज के पास दो वाहन है, जिसमें साल 2023 में खरीदी गई मर्सिडीज बेंज शामिल है। उन्होंने साल 2022-23 के लिए दाखिल अपने आयकर रिटर्न में अपनी आय 68.28 लाख रुपये बताई है।

करोड़ों के मालिक हैं प्रवीण खंडेलवाल

चांदनी चौक लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी प्रवीण खंडेलवाल भी करोड़पति हैं। नामांकन के दौरान चुनाव आयोग को दिए गए शपथ पत्र में प्रवीन खंडेलवाल ने अपनी संपत्ति 7 करोड़ 60 लाख 69 हजार 359 रुपये बताई है। इसके अलावा उनकी पत्नी के पास 16 लाख रुपए के सोने और चांदी के आभूषण हैं, जो उनकी संपत्ति से अलग हैं। इसके अलावा पत्नी के नाम पर पांच करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। खंडेलवाल पर बैंकों का 3 करोड़ 85 लाख 77 हजार 180 रुपये का लोन भी है।

हर्ष मल्होत्रा की संपत्ति भी कम नहीं

पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी हर्ष मल्होत्रा का पूरा नाम हर्ष दीप मल्होत्रा है। उनकी भी संपत्ति करोड़ों में है। चुनावी हलफनामे के मुताबिक उनके पास 3,75,00,000 की संपत्ति है। उन्होंने शपथ पत्र में अपने पास नकद राशि के रूप में 48,700 रुपये होने की जानकारी दी है।

इसके अलावा उनके तीन बैंक खातों में कुल 40,22,0031 रुपये जमा हैं। वहीं, 44 लाख रुपये का निवेश उन्होंने बॉन्ड, शेयर और अपनी दो फर्म दो फर्म दीप एंटरप्राइजेज व दीप हेल्थ केयर में कर रखा है। उनके पास 6,38,755 रुपये की चल संपत्ति है, जबकि 2,75,00,000 रुपये की अचल संपत्ति है। मल्होत्रा ने अपनी आमदनी का स्त्रोत प्रिंटिंग प्रेस का व्यवसाय बताया है।

ये भी पढ़ें:- दिल्ली में लोकसभा चुनाव का पूरा शेड्यूल यहां देखें

पिछले 5 साल में मनोज तिवारी की संपत्ति 13 प्रतिशत बढ़ी

उत्तर पूर्वी दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार मनोज तिवारी की संपत्ति में पांच वर्षों में 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। बाकी प्रत्याशीयों के मुकाबले मनोज तिवारी दिल्ली के सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। चुनावी हलफनामे में उन्होंने चल और अचल संपत्ति 28,02,79,037 रुपये बताई है। इसमें 10,50,79,037 रुपये की चल संपत्ति व 17,52,00,000 रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। इसके अलावा पांच कारें हैं। इनकी कीमत वर्तमान में 19.50 लाख रुपये हैं।

इनमें ऑडी क्यू 7, मर्सिडीज बेंज, फॉर्च्यूनर, होंडा सिटी और इनोवा शामिल है। साल 2019 के चुनावी हलफनामे में उन्होंने कुल संपत्ति 24,28,17,031 बताई थी, जबकि उन पर 1,36,18,755 का कर्ज भी था। उनके पास 8,64,11,031 की चल संपत्ति थी तो 15,76,56,000 करोड़ की अचल संपत्ति थी। उन्होंने आमदनी का जरिया एक्टिंग, विज्ञापन, मॉडलिंग से होने वाली कमाई को बताया है।

योगेंद्र चंदोलिया के मुकाबले उनकी पत्नी के पास ज्यादा पैसा

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली से बीजेपी प्रत्याशी योगेंद्र चांदोलिया भी करोड़ों के संपत्ति के मालिक हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक उनकी व उनकी पत्‍नी की सभी चल-अचल संपत्ति कुल 2,76,23,484.55 रुपये बताई गई है। योगेंद्र चंदोलिया और उनकी पत्नी के पास करीब 2,99,500 रुपए कीमत की गोल्ड, डायमंड ज्वेलरी है।

चंदोलिया ने हलफनामा में दिखाया है कि उनके और उनकी पत्नी के पास कुल कैश, ज्वेलरी और दूसरे इन्‍वेस्‍टमेंट आदि को मिलाकर 61,23,484.55 रुपए की कीमत के एसेट्स हैं। इनमें उनके पास 29,31,137.92 रुपए तो उनकी पत्नी के पास 31,92,346.63 रुपए के अलग-अलग एसेट्स हैं। पति-पत्नी दोनों की तरफ से आय का साधन बिजनेस दिखाया गया है। वहीं उनके बेटे, बहू और पोते के नाम भी अलग-अलग एसेट्स हैं।

कमलजीत सेहरावत के पास खुद का वाहन नहीं

पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी कमलजीत सहरावत भी करोड़ों की मालकिन हैं। हालांकि, उनके पास खुद की कोई चार पहिया वाहन नहीं है। चुनावी हलफनामे के मुताबिक वह 4,08,39,755 रुपये कीमत की चल और अचल संपत्ति की मालकिन हैं।

जिसमें 1,30,79,294 रुपये की चल संपत्ति और 2,77,60,461 रुपये की अचल संपत्ति है। सहरावत की चल संपत्ति में 2,30,000 रुपये कैश भी शामिल है। उनके पास 500 ग्राम सोना और 40 कैरेट का स्टोन भी है। वह, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम से एक बार मेयर और दो बार निगम पार्षद रह चुकी हैं।

रामवीर सिंह बिधूड़ी करोड़ों के मालिक खुद की कार नहीं

दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रामवीर सिंह बिधूड़ी करोड़ों रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। वे दिल्ली के दूसरे सबसे अमीर उम्मीदवार हैं, लेकिन उनके पास कोई कार नहीं है। चुनावी हलफनामे मुताबिक उनके पास 11.71 करोड़ रुपये की चल और 13.82 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है।

इतना ही नहीं बिधूड़ी की पत्नी राजेश देवी उनसे अमीर हैं। उनके पास 12.11 करोड़ रुपये की चल और 14.98 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में उनकी चल संपत्ति 3.76 करोड़ और अचल संपत्ति 6 करोड़ रुपये थी। बिधूड़ी का पेशा कारोबार और सामाजिक कार्य है।

5379487