Delhi Viral Video: पूर्वी दिल्ली के दल्लुपुरा इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां एक शख्स ने LIVE कैमरे पर खुद को गोली मार ली है। इस पूरी घटना का वीडियो भी काफी वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक खुद को गोली मारते हुए नजर आता है। घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक की पहचान पवन के रूप में हुई है। पूरा मामला न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस को शुरुआती जांच में पता लगा है कि इस घटना के समय वहां दो लोग मौजूद थे, जिनमें से एक युवक का वीडियो बना रहा था। वीडियो में दिखाई देने वाले युवक के हाथ में पिस्टल है और वह उसमें मैगजीन लोड करता है।
उसके बाद पिस्टल को छाती पर सटाता है। वहीं वीडियो बना रहा शख्स उससे कहता है, अरे नहीं... लेकिन वह अपने सीने में गोली मार लेता है और नीचे गिर जाता है। घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लाइसेंसी पिस्टल का इस्तेमाल
पुलिस का कहना है कि जिस पिस्टल का इस्तेमाल हुआ, वह लाइसेंसी थी, वहीं वीडियो बना रहे व्यक्ति की बताई जा रही है। मामले के बारे में पता लगने पर न्यू अशोक नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि पूरे मामले का खुलासा हो सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही, उसमें दिखाई दे रहे हर पहलू पर कड़ी निगरानी की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक का ऐसा कदम उठाने के पीछे क्या कारण रहा। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।










