हरियाणा के कैथल जिले के सीवन थाना क्षेत्र के एक गांव में 25 वर्षीय विवाहिता अपने घर से कीमती जेवरात और मोटी रकम लेकर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। चौंकाने वाली बात यह है कि वह अपनी छोटी मासूम बेटी को भी साथ ले गई है। जिस वक्त यह घटना हुई, घर के पुरुष काम के सिलसिले में राज्य से बाहर थे और बुजुर्ग सास भी किसी निजी कार्य से घर से बाहर गई हुई थी।
पति चलाता है कंबाइन मशीन
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार पीड़ित परिवार का बेटा कंबाइन मशीन चलाने का काम करता है। इन दिनों फसल कटाई का सीजन होने के कारण वह काम के सिलसिले में मध्य प्रदेश गया हुआ था। घर पर उसकी बुजुर्ग मां, पत्नी और तीन-चार साल की पोती ही मौजूद थे। घटना वाले दिन सुबह करीब 11 बजे, जब विवाहिता की सास अपने किसी काम से घर से बाहर गई, तो पीछे से विवाहिता ने घर में रखे कीमती सामान को समेटना शुरू कर दिया।
लाखों के आभूषण और नकदी साफ
विवाहिता की सास ने पुलिस को बताया कि घर वापस लौटने पर उसे अपनी बहू और पोती कहीं नजर नहीं आए। जब उसने घर की अलमारियों और संदूक की जांच की, तो उसके होश उड़ गए। महिला अपने साथ 3 तोले सोने के गहने, आधा किलो चांदी के जेवर, दो जोड़ी चांदी की पाजेब और करीब 50 हजार रुपये की नगदी लेकर फरार हो गई है। परिवार ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने कानून की शरण ली।
सीसीटीवी में बाइक पर फरार होती दिखी
परिजनों की शुरुआती छानबीन में एक बड़ा खुलासा हुआ है। सास का आरोप है कि उन्हें जानकारी मिली है कि उनकी बहू को गांव मरदेड़ी का रहने वाला संजय नामक युवक अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया है। आशंका जताई जा रही कि महिला योजनाबद्ध तरीके से उस युवक के साथ अपनी मर्जी से गई है। हालांकि, पुलिस अभी इस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
अर्जी पर मुकदमा दर्ज
सीवन थाना के जांच अधिकारी जगबीर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता की अर्जी पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने विवाहिता और उसकी मासूम बच्ची की बरामदगी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। संदिग्ध आरोपी संजय की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल लोकेशन और रास्तों में लगे कैमरों की मदद से जल्द ही महिला को ढूंढ लिया जाएगा।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।









