Greater Noida New U-Turns: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चार मूर्ति और तिगरी के बीच 2 नए यूटर्न बनाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि इन यूटर्न को जुलाई में चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा सर्विस रोड को चौड़ा करने का काम भी शुरू कर दिया गया है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद गाड़ियों का आवागमन आसान हो जाएगा, वहीं ट्रैफिक की समस्या से भी छुटकार मिल जाएगा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के परियोजना विभाग के अधिकारी का कहना है कि, तैयार हो रहे इन 2 नए यूटर्न से गौड़ सिटी और उसके आसपास की 20 से ज्यादा सोसाइटियों में रह रहे 1 लाख से ज्यादा लोगों को फायदा होगा। चार मूर्ति चौक और तिगरी के बीच 60 मीटर चौड़ी मुख्य सड़क के दोनों तरफ की सर्विस रोड को भी चौड़ा किया जा रहा है।
ऐसे में सर्विस रोड दो-दो लेन की हो जाएगी। अभी साढ़े तीन मीटर चौड़ी यानी एक लेन की है। गौर सिटी वन और टू की सोसाइटी के लोगों के साथ क्रॉसिंग रिपब्लिक गाजियाबाद की तरफ जाने वाले भी इस रूट का इस्तेमाल करते हैं। सुबह से लेकर देर रात तक गाड़ियों के आवागमन से ट्रैफिक की स्थिति भी पैदा हो जाती है।
इन रूट पर जाना होगा आसान
सीनियर मैनेजर प्रभात शंकर का कहना है कि ट्रैफिक की समस्या के परमानेंट इलाज के लिए सर्विस रोड को चौड़ा करने के साथ तिगरी और गौड़ चौक के बीच यूटर्न बनाया जा रहा है। दोनों यूटर्न को जुलाई तक बनाकर तैयार कर लिया जाएगा। खजूर चौक के पास तिगरी गोलचक्कर से पहले बनने वाले इस यूटर्न से गौड़ सिटी टू की तरफ से आना-जाना भी आसान हो जाएगा।
ट्रैफिक की समस्या खत्म होगी
मौजूदा समय में वाहन चालकों को गोलचक्कर से घूमकर आना पड़ता है। यूटर्न बन जाने के बाद तिगरी गोलचक्कर पर ट्रैफिक की समस्या खत्म हो जाएगी। गाजियाबाद नेशनल हाईवे-24 की तरफ भी जाना आसान हो जाएगा। चार मूर्ति चौक पर निर्माणाधीन अंडरपास का 65 प्रतिशत से ज्यादा काम पूरा कर लिया गया है।
ग्रेटर नोएडा ACEO सुमित यादव का कहना है कि,'चार मूर्ति चौक और तिगरी के बीच सर्विस रोड को चौड़ा करने के साथ यूटर्न बनाया जा रहा है। इस काम को जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। वहीं चार मूर्ति चौक पर अंडरपास का काम भी तेजी से चल रहा है। इन परियोजनाओं ट्रैफिक से राहत मिलेगी।'










