रोहतक शहर में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने महिला को अच्छे वेतन पर नौकरी दिलाने के बहाने बुलाया और फिर सुनसान जगह ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
झांसे में लेकर सुनसान जगह ले गए आरोपी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह भिवानी चुंगी क्षेत्र की रहने वाली है। उसके पास गोहाना रोड निवासी एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने उसे अच्छी नौकरी दिलाने का लालच देकर अपनी बातों में फंसा लिया।आरोपी के बुलाने पर महिला आईडीसी चौक पहुंची। वहां पहले से ही मुख्य आरोपी के साथ दो अन्य लोग मौजूद थे। तीनों आरोपी उसे ट्रक यूनियन के पास एक सुनसान जगह पर ले गए।सुनसान जगह का फायदा उठाकर तीनों ने महिला के साथ गैंगरेप किया। जब पीड़िता ने शोर मचाने या विरोध करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
घटना के बाद बुरी तरह डरी हुई पीड़िता ने सिटी थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई।सिटी थाना पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस की टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।










