Sridevi Property Dispute: दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की चेन्नई स्थित संपत्ति को लेकर कानूनी विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनके पति बोनी कपूर और बेटियां जान्हवी-खुशी कपूर ने इस मामले में मद्रास हाई कोर्ट का रुख किया है।
क्या है पूरा मामला?
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह विवाद चेन्नई के ईस्ट कोस्ट रोड (ECR) पर स्थित करीब 4.7 एकड़ जमीन से जुड़ा है, जिसे श्रीदेवी ने साल 1988 में खरीदा था। साल 2025 में यह मामला तब सामने आया जब तीन लोगों- एम.सी. शिवकामी, एम.सी. नटराजन और उनकी मां चंद्रभानु ने इस संपत्ति पर अपना दावा ठोक दिया।
चेंगलपट्टू की एक जिला अदालत ने इस केस को खारिज करने से इनकार कर दिया था और कहा था कि मामले की पूरी सुनवाई जरूरी है। इसी फैसले को चुनौती देते हुए कपूर परिवार ने मद्रास हाई कोर्ट में याचिका दायर की है।
कोर्ट ने अब इस मामले की अगली सुनवाई 26 मार्च तय की है और फिलहाल ट्रायल पर अंतरिम रोक भी लगा दी गई है।

क्या हैं दोनों पक्षों के दावे
कपूर परिवार का कहना है कि यह संपत्ति पिछले करीब 38 सालों से उनके पास है और इतने लंबे समय बाद इस तरह का दावा करना गलत है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वादी पक्ष ने कुछ अहम कानूनी तथ्यों को छुपाया है, जिससे उनका दावा कमजोर पड़ता है।
वहीं दूसरी ओर, वादी पक्ष का आरोप है कि 1988 में हुई जमीन की खरीद-फरोख्त ही अवैध थी और हाल ही में उन्हें इस संपत्ति से जुड़े कथित गड़बड़ियों का पता चला, जिसके बाद उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
फिलहाल, इस मामले में दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर कायम हैं। अदालत ने भी साफ किया है कि यह मामला विस्तृत सुनवाई की मांग करता है।









