Delhi VS Haryana: नायब सैनी ने पिया यमुना का पानी, आतिशी और केजरीवाल पर भड़के, बोले- अब तो गंदी राजनीति छोड़ दो

CM Nayab Singh Saini drank Yamuna river water
X
सीएम नायब सिंह सैनी ने यमुना नदी का पानी पिया।
CM Nayab Singh Saini: हरियाणा सीएम नायब सैनी ने पल्ला गांव में यमुना नदी के जल का आचमन किया। इस दौरान उन्होंने सीएम आतिशी और केजरीवाल के ऊपर जमकर निशाना साधा है।

Politics on Yamuna River: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दिल्ली-हरियाणा की सीमा पर पल्ला गांव में जाकर यमुना नदी का पानी पिया है। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को घेरते हुए कहा कि केजरीवाल ने अपने राजनीतिक फायदे के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बयान दिया था, जिससे लोगों के मन में डर फैल रहा था। उन्होंने कहा कि आज वह यहां यमुना नदी के तट पर आए हैं और नदी का पानी भी पिया है। इसके अलावा सैनी ने बताया कि जल संसाधन प्राधिकरण ने वहां जाकर नदी के पानी के नमूने लिए हैं। जांच में सामने आया कि पानी में जहर की कोई मात्रा नहीं है।

'केजरीवाल का बयान लोगों में भय पैदा कर रहा'

नायब सैनी ने केजरीवाल के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा सरकार पर आरोप लगाया था कि वहां की बीजेपी सरकार यमुना में जहर मिलाकर दिल्ली में भेज रही है। केजरीवाल ने आरोप लगाते हुए कहा था कि यह दिल्ली में नरसंहार का प्रयास है। नायब सैनी ने यमुना नदी का पानी पीने के बाद कहा कि केजरीवाल की पूरी जिंदगी झूठ बोलकर निकाला हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल उन वादों बचना चाहते हैं, जो उसने 10 साल पहले दिल्ली की जनता से किए थे। उन्होंने कहा कि आप सरकार के इस बयान से लोगों के मन में भय पैदा हो रहा है। इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि केजरीवाल ने अपने बयान से हरियाणा के लोगों को अपमानित किया है।

आतिशी पर सीएम सैनी का तंज

हरियाणा सीएम नायब सैनी ने एक्स पर यमुना नदी के पानी का आचमन करते हुए वीडियो शेयर किया। उन्होंने लिखा कि आतिशी तो आई नहीं, कोई नया झूठ रच रही होंगी। साथ ही उन्होंने लिखा कि झूठ के पांव नहीं होते, इसलिए आप-दा का झूठ चल नहीं पा रहा। सैनी ने आगे लिखा कि दिल्ली के लोग हरियाणा के कपूत केजरीवाल को सजा देंगे क्योंकि दिल्लीवासियों से उनका भाईचारा सदियों से मजबूत है।

सीएम आतिशी ने दी थी चुनौती

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने एक्स पर पोस्ट में सीएम नायब सैनी को टैग करते हुए लिखा था कि पता चला है कि वे यमुना नदी के पल्ला घाट जा रहे हैं। आतिशी ने नायब सैनी से अनुरोध करते हुए लिखा कि वे उन्हें भी साथ में ले चलें और साथ में मीडिया को भी लेकर चलते हैं। उन्होंने लिखा कि सभी के सामने यमुना नदी में अमोनिया की मात्रा नापेंगे, जिससे पता चल जाएगा कि हरियाणा दिल्ली में जहरीला पानी छोड़ रहा है। इस पर जवाब देते हुए नायब सैनी ने लिखा कि आप-दा की खड़ाऊं मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना का पल्ला गांव के यमुना तट पर स्वागत है। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि हरियाणा से दिल्ली आने वाले पानी में नहीं, बल्कि आप लोगों के दिमाग में जहर भरा हुआ है।

ये भी पढ़ें: Yamuna Controversy: सीएम आतिशी ने LG की कर्तव्यनिष्ठा पर उठाए सवाल, यमुना में जहर मिलाने के मुद्दे पर लिखा पत्र

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story