राजनांदगांव। प्रेस क्लब राजनांदगांव के चुनाव इस बार बेहद उत्साह और गरिमा के माहौल में संपन्न हुए, जहां पत्रकारों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। कड़े मुकाबले के बीच हुए मतदान में सचिन अग्रहरि ने लगातार तीसरी बार अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम रखा। वहीं सचिव पद पर अनिल त्रिपाठी और कोषाध्यक्ष पद पर बसंत शर्मा निर्वाचित हुए।
रविवार को आयोजित इस चुनाव में अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष सहित तीन पदों के लिए मतदान कराया गया। अध्यक्ष पद के लिए हुए सीधे मुकाबले में सचिन अग्रहरि को 107 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कमलेश स्वर्णकार को 41 वोट मिले। इस तरह सचिन अग्रहरि ने 66 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल कर लगातार तीसरी बार अध्यक्ष बनने का गौरव प्राप्त किया।
बसंत शर्मा को 85 मत प्राप्त हुए
सचिव पद के चुनाव में अनिल त्रिपाठी को 74 मत मिले और उन्होंने जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी विक्रम बाजपेयी को 50, सुरेंद्र गुप्ता को 12, मनोज राठौड़ को 6 तथा योगेश शर्मा को 6 वोट मिले। वहीं कोषाध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में बसंत शर्मा को 85 मत प्राप्त हुए, जिससे उन्होंने जीत हासिल की। इस पद के लिए रवि सिंह ठाकुर को 32 और प्रमोद शेंडे को 31 वोट मिले।
चुनाव में पहली बार 93.67 प्रतिशत मतदान दर्ज
प्रेस क्लब चुनाव में कुल 158 मतदाता थे, जिनमें से 148 सदस्यों ने मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान हुआ, जिसके बाद दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू की गई और शाम 5 बजे तक सभी परिणाम घोषित कर दिए गए। इस चुनाव में पहली बार 93.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो पत्रकारों के उत्साह और सहभागिता को दर्शाता है। कई सदस्यों ने अस्वस्थता और व्यस्तता के बावजूद मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी निभाई।
निर्वाचन अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने में निर्वाचन अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता उमाकांत भारद्वाज, मनोज चौधरी, विमल हाजरा, मनीष तिवारी, सुनीता वर्मा, खेमराज वर्मा, नंदिनी, खुशी और नितिन साहू ने निर्वाचन प्रक्रिया का सफल संचालन किया।
प्रेस क्लब के सभी सदस्यों की सामूहिक जीत- अग्रहरि
तीसरी बार अध्यक्ष चुने जाने के बाद सचिन अग्रहरि ने कहा कि, यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि प्रेस क्लब के सभी सदस्यों की सामूहिक जीत है। उन्होंने बताया कि पिछले दो कार्यकाल में पत्रकारों के लिए आवासीय परिसर का आवंटन और उसके विकास का महत्वपूर्ण कार्य किया गया है। आगामी कार्यकाल में शेष कार्यों को पूरा करने के साथ ही उन पत्रकारों को भी आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, जो अब तक इससे वंचित हैं।










