ICC Player of the Month Award: टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भी फरवरी के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड में भारत के किसी मेंस क्रिकेटर को जगह नहीं मिली। यह फैसला कई फैंस के लिए हैरान करने वाला, क्योंकि भारत ने 8 मार्च को अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब जीता था। ये लगातार दूसरा मौका है, जब भारत ने टी20 विश्व कप जीता।
फाइनल में भारत ने मिचेल सैंटनर की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड टीम को बड़े अंतर से हराया था। यह पहली बार था जब किसी टीम ने मेंस टी20 वर्ल्ड कप का खिताब सफलतापूर्वक डिफेंड किया। इसके बाद ईशान किशन, संजू सैमसन, हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह को ICC की टीम ऑफ द टूर्नामेंट में भी जगह मिली थी।
इसके बावजूद फरवरी के ICC प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड की रेस में किसी भी भारतीय खिलाड़ी का नाम नहीं। इस अवॉर्ड के लिए पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान, इंग्लैंड के विल जैक्स और अमेरिका के शैडली वान शाल्कविक को नॉमिनेट किया गया।
पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 383 रन बनाए और टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनका स्ट्राइक रेट 160.25 और औसत 76.60 रहा। फरहान ने इस दौरान विराट कोहली का एक रिकॉर्ड भी तोड़ दिया और टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। यही नहीं, वह टूर्नामेंट के इतिहास में दो शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी बने।
इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सेमीफाइनल तक पहुंची इंग्लैंड टीम के लिए 194 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 173.21 रहा। गेंदबाजी में भी उन्होंने 11 विकेट लिए। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत उन्हें एक ही टूर्नामेंट में चार बार प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
अमेरिका के तेज गेंदबाज शैडली वान शाल्कविक ने भी गेंद से प्रभावित किया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 13 विकेट लिए और उनका इकॉनमी रेट 7.76 रहा। खास बात यह रही कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ दो बार चार-चार विकेट झटके। हालांकि पुरुष वर्ग में भारत का नाम नहीं है, लेकिन महिला वर्ग में भारत को जरूर प्रतिनिधित्व मिला।
तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी को फरवरी के प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया है। उनके साथ श्रीलंका की हर्षिता समरविक्रमा और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना भी इस दौड़ में शामिल हैं। अरुंधति ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार गेंदबाजी की थी। भारत ने यह सीरीज 2-1 से जीती थी और अरुंधति आठ विकेट लेकर सीरीज की सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उनका इकॉनमी रेट 7.25 रहा।
सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए पहले मैच में उन्होंने चार विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को 133 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई और प्लेयर ऑफ द मैच भी बनीं। दूसरे मैच में दो विकेट लेने के बावजूद भारत को हार मिली, लेकिन उन्होंने अपनी लय बरकरार रखी। इसके बाद एडिलेड में खेले गए निर्णायक मुकाबले में भी उन्होंने दो विकेट लेकर भारत की 17 रन की जीत में योगदान दिया।










