haribhoomi hindi news
प्रदेश में एक बार फिर से सीमेंट कंपनियों की मनमर्जी सामने आई है। सोमवार से सभी कंपनियों ने सीमेंट के दाम 30 रुपए बढ़ा दिए हैं। 

रायपुर। प्रदेश में एक बार फिर से सीमेंट कंपनियों की मनमर्जी सामने आई है। सोमवार से सभी कंपनियों ने सीमेंट के दाम 30 रुपए बढ़ा दिए हैं। खुले बाजार के साथ सरकारी काम में आने वाले नान ट्रेड सीमेंट के दाम भी बढ़े हैं। अब सीमेंट के दाम चिल्हर में 300 से 350 रुपए हो गए हैं। थोक में इसके दाम 260 से 340 रुपए हो गए हैं। जो सबसे महंगा नान ट्रेड सीमेंट ओपीसी का 310 रुपए था, वह 340 रुपए हो गया है। हरिभूमि ने पहले ही 4 अप्रैल के अंक में इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था कि सीमेंट के दाम सोमवार से बढ़ाने की तैयारी है। अभी दाम 30 रुपए बढ़े हैं आने वाले समय में इसके दाम और 20 से 30 रुपए बढ़ाने की तैयारी है।

प्रदेश की सीमेंट कंपनियां दाम बढ़ाने के मामले में हमेशा से ही बेलगाम हैं। हर साल मानसून के समय भी जब डिमांड नहीं रहती है, तब भी दाम बढ़ा दिए जाते हैं। दाम बढ़ाने का विरोध रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी कर चुके हैं। बीते साल तो प्रदेश सरकार ने भी नाराजगी जताते हुए सीमेंट कंपनियों की बैठक की थी। उद्योग मंत्री के साथ 
बैठक में तय किया गया था कि कंपनियां सीमेंट के दाम बढ़ाने से पहले इसकी सरकार को जानकारी देंगी और कारण भी बताएंगी लेकिन कंपनियां ऐसा नहीं कर रही है। बैठक के बाद कई बार दाम बढ़ाए जा चुके हैं। अब फिर से वही किया गया है। 

किस ब्रांड के कितने दाम
कारोबारियों का कहना है कि बीते कुछ दिनों से लगातार कंपनियां दाम बढ़ाने की बात कह रही थी। इसके पीछे कोई कारण नहीं बताया जा रहा था। कारोबारियों का कहना है कि अप्रैल का टार्गेट पूरा करने के लिए ही ऐसा किया गया है। दाम बढ़ने से पहले अलग-अलग कंपनियों के सीमेंट के दाम 60 बोरी के 230 से 270 रुपए तक थे। अब दाम 260 से 300 रुपए हो गए हैं। चिल्हर में मनमर्जी रहती है। चिल्हर में दाम 300 से 350 रुपए हो गए हैं। अब अल्ट्राटेक 60 बोरी के दाम 270 से बढ़कर 300 रुपए, एसीसी के 250 से बढ़कर 280 रुपए, जेके लक्ष्मी के 230 से बढ़कर 260 रुपए और नोवोको के भी 230 से बढ़कर 260 रुपए हो गए हैं।

बढ़े हैं दाम 
बिल्डर एसोसिएशन ऑफ इंडिया छत्तीसगढ़ अध्यक्ष रूपेश सिंघल ने बताया कि, खुले बाजार के साथ नान ट्रेड सीमेंट के भी दाम 30-30 रुपए बढ़ा दिए गए हैं। इससे सरकारी काम काफी प्रभावित होगा। पहले ही अन्य सामानों के दाम भी बढ़ गए हैं। सीमेंट के दाम बढ़ाने का कोई कारण भी नहीं है।

नान ट्रेड के दाम दूसरे राज्यों में कम
सरकारी काम करने वाले ठेकेदारों का कहना है कि छत्तीसगढ़ की सीमेंट कंपनियों से ही जो नान ट्रेड सीमेंट दूसरे राज्यों में जाता है, उन राज्यों को सीमेंट छत्तीसगढ़ के ठेकेदारों को दिए जाने वाले दाम से 40 रुपए कम में दिया जाता है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें। 

    7