साइबर सिटी गुरुग्राम में एक प्रतिष्ठित कंपनी के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। गुरुग्राम पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-II ने 'कावासाकी रोबोटिक्स प्राइवेट लिमिटेड' कंपनी में हुए 1.85 करोड़ रुपये के गबन मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि कंपनी के ही पूर्व कर्मचारियों ने पद का दुरुपयोग करते हुए फर्जी वेंडर बनाकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया था।
कंपनी के कर्मचारियों ने ही रची साजिश
यह मामला 20 मई 2025 को तब शुरू हुआ जब खांडसा स्थित कावासाकी रोबोटिक्स कंपनी के प्रतिनिधि ने पुलिस को शिकायत दी। जांच में सामने आया कि साल 2015 से 2023 के बीच कंपनी के कुछ कर्मचारियों ने फर्जी फर्में और वेंडर तैयार किए। बिना कोई वास्तविक काम या सेवा दिए, इन फर्जी वेंडरों के नाम पर कंपनी में नकली बिल लगाए गए। करोड़ों रुपये की राशि आरोपियों ने अपने, अपनी पत्नियों और रिश्तेदारों के बैंक खातों में ट्रांसफर करवा ली।
फरीदाबाद से आरोपी कमल कालरा गिरफ्तार
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 अप्रैल 2026 को फरीदाबाद से 42 वर्षीय कमल कालरा को गिरफ्तार किया है। कमल कालरा इस मामले के मुख्य आरोपी लवीश का रिश्तेदार है। जांच के अनुसार, कमल के बैंक खाते में लगभग 1.82 लाख रुपये और उसकी पत्नी के खाते में 35 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। इससे पहले पुलिस 19 फरवरी को एक अन्य आरोपी गौरव धींगड़ा को भी गिरफ्तार कर चुकी है, जिसके खाते में 1.85 करोड़ रुपये ट्रांसफर हुए थे। गौरव ने 'धींगड़ा एंटरप्राइजेज' नाम की फर्जी फर्म बनाकर इस फर्जीवाड़े में साथ दिया था।
गुरुग्राम के सेक्टर-37 थाने में मामला दर्ज
गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, इस सिंडिकेट में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है। पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस घोटाले की जड़ें और कितनी गहरी हैं और कंपनी का कुल कितना पैसा खुर्द-बुर्द किया गया है। गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि "आरोपियों ने फर्जी वेंडर और फर्जी बिलों के माध्यम से कंपनी को करोड़ों का चूना लगाया। पुलिस इस मामले में शामिल हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है और जल्द ही अन्य गिरफ्तारियां भी की जाएंगी।"
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।









