haribhoomi hindi news
परीक्षाएं 27 अप्रैल से 1 मई तक पंचकूला के सार्थक राजकीय एकीकृत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में होंगी। इच्छुक अधिकारियों को 16 अप्रैल तक विभागाध्यक्ष या प्रशासनिक सचिव के माध्यम से आवेदन करना होगा।

हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक अधिकारियों की दक्षता और पदोन्नति से जुड़ी विभागीय परीक्षाओं की समय-सारणी घोषित कर दी है। सहायक आयुक्तों (AC), अतिरिक्त सहायक आयुक्तों (AAC) और तहसीलदारों के लिए आयोजित होने वाली यह महत्वपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया आगामी 27 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगी।

पंचकूला में होगा परीक्षा का आयोजन 
सरकारी सूचना के अनुसार इन परीक्षाओं का संचालन पंचकूला स्थित सार्थक राजकीय एकीकृत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-12ए में किया जाएगा। यह परीक्षाएं 27 अप्रैल से शुरू होकर 1 मई 2026 तक निरंतर दो पालियों (सुबह और शाम) में चलेंगी। 

विषयवार कार्यक्रम तैयार 
27 अप्रैल : प्रथम सत्र (प्रातः 10 से 1 बजे) में क्रिमिनल लॉ (पेपर-1) और द्वितीय सत्र (दोपहर 2 से 5 बजे) में सिविल लॉ की परीक्षा होगी। 
28 अप्रैल: सुबह के समय क्रिमिनल लॉ (पेपर-2) और शाम की पाली में फाइनेंशियल रूल्स का पेपर होगा।
29 अप्रैल: सुबह क्रिमिनल लॉ (पेपर-3) आयोजित किया जाएगा। इसमें सहायक आयुक्तों के लिए जेल प्रबंधन से जुड़े प्रश्न होंगे, जबकि तहसीलदारों का सिलेबस भिन्न रहेगा। इसी दिन शाम को रेवेन्यू लॉ (पेपर-1) की परीक्षा होगी।
30 अप्रैल: प्रातः काल में लोकल फंड्स और सायंकाल में रेवेन्यू लॉ (पेपर-2) का आयोजन होगा।
1 मई: अंतिम दिन सहायक आयुक्तों के लिए हिंदी भाषा की परीक्षा होगी, वहीं तहसीलदारों के लिए पटवारी मेंसुरेशन और उर्दू विषय का टेस्ट रखा गया है।

आवेदन प्रक्रिया और समय सीमा 
इन परीक्षाओं में बैठने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 16 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। उम्मीदवार अपना आवेदन सीधे केंद्रीय परीक्षा समिति को नहीं भेज सकते। नियमानुसार, आवेदन पत्र केवल संबंधित विभागाध्यक्ष (HOD) या प्रशासनिक सचिव के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।

प्रशासनिक दक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली इन परीक्षाओं के लिए विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पात्र अधिकारियों को सलाह दी गई है कि वे तय समय सीमा के भीतर अपने दस्तावेज और आवेदन अग्रसारित कर दें ताकि अंतिम समय में किसी तकनीकी बाधा का सामना न करना पड़े। 

(हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें। ) 

7