बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘तुम्बाड 2’ को लेकर फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। फिल्म का मुहूर्त शॉट पूरा हो चुका है और इसके साथ ही आधिकारिक तौर पर शूटिंग भी शुरू कर दी गई है। पहली फिल्म की सफलता के बाद से ही दर्शकों को इसके सीक्वल का इंतजार था, और अब यह इंतजार धीरे-धीरे खत्म होता नजर आ रहा है।
‘तुम्बाड’ अपने अनोखे कंटेंट और डार्क स्टोरीटेलिंग के लिए जानी जाती है, ऐसे में ‘तुम्बाड 2’ को लेकर भी दर्शकों की उम्मीदें काफी ज्यादा हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि मेकर्स इस बार कहानी को किस नए स्तर तक लेकर जाते हैं।
पोस्ट में क्या दिखा?
मेकर्स ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “आशीर्वाद और आभार के साथ ‘तुम्बाड 2’ की यात्रा शुरू होती है।” इस मौके पर निर्माता डॉ. जयंतीलाल गड़ा और फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज बोनी कपूर भी मौजूद रहे।
बड़े सेट पर हो रही शूटिंग
फिल्म की शुरुआती शूटिंग के लिए मुंबई में 7-8 एकड़ में एक विशाल सेट तैयार किया गया है, जो किसी शहर जैसा दिखता है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस बार फिल्म पहले से भी ज्यादा भव्य और रोमांचक होने वाली है।
यह भी पढ़े - अश्लील गाने के विवाद में नोरा फतेही की बढ़ी मुश्किलें, महिला आयोग ने दिया अल्टीमेटम; संजय दत्त को भी समन जारी
फिल्म की स्टार कास्ट और टीम
‘तुम्बाड 2’ का निर्देशन आदेश प्रसाद कर रहे हैं। फिल्म को सोहम शाह अपने बैनर सोहम शाह फिल्म्स के तहत प्रोड्यूस कर रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी अहम भूमिका में नजर आएंगे।
पहले पार्ट को मिला था खास रिस्पॉन्स
‘तुम्बाड’ 12 अक्टूबर 2018 को रिलीज हुई थी। कम बजट में बनी इस फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों ने खूब सराहा। बाद में 2024 में दोबारा रिलीज होने पर भी फिल्म ने शानदार कमाई की और अपनी लोकप्रियता साबित की।
फैंस को है बेसब्री से इंतजार
‘तुम्बाड 2’ उन फिल्मों में शामिल है, जिसका दर्शक लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। अब शूटिंग शुरू होने के बाद फैंस को जल्द ही फिल्म से जुड़े नए अपडेट्स मिलने की उम्मीद है।










