राहुल यादव- लोरमी। जिले में कांग्रेस संगठन के भीतर एक बार फिर आंतरिक विवाद उभरकर सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें जिला अध्यक्ष घनश्याम वर्मा और एक कार्यकर्ता के बीच तीखी और आपत्तिजनक बातचीत होने का दावा किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, वायरल ऑडियो में जिला अध्यक्ष और कार्यकर्ता पवित साहू के बीच विवाद के दौरान कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है। हालांकि, ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि अब तक किसी भी पक्ष द्वारा नहीं की गई है।
थानेश्वर साहू का नाम आने से बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान पूर्व पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष थानेश्वर साहू का भी उल्लेख किया गया है। इसके चलते साहू समाज के कुछ लोगों ने नाराजगी जताई है और इसे सामाजिक सम्मान से जुड़ा मामला बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई है।
अधिकारियों ने नहीं दी कोई प्रतिक्रिया
ऑडियो वायरल होने के बाद जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। यदि आरोपों की पुष्टि होती है, तो इसे संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ताओं के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला माना जा सकता है। फिलहाल, न तो जिला अध्यक्ष घनश्याम वर्मा और न ही संबंधित कार्यकर्ता की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। उधर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति इस प्रकरण पर किस तरह की कार्रवाई करती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।










