लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस अब पारंपरिक ढर्रे से निकलकर डेटा और आधुनिक उपकरणों के जरिए कानून-व्यवस्था और यातायात को दुरुस्त करने में जुटी है। मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में हुई प्रेस वार्ता में डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि पिछले पांच महीनों की कड़ी मेहनत के बाद 'सिटी ट्रैफिक कंजेशन स्कीम' को जमीन पर उतारा गया है।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य न केवल जाम से मुक्ति दिलाना है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली अकाल मृत्यु को न्यूनतम स्तर पर लाना है। 15 मिनट के अंतराल पर मिलने वाले लाइव डेटा और '5E' के सिद्धांत पर आधारित यह पहल उत्तर प्रदेश की सड़कों को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
सड़क हादसों में 75% तक की कमी का दावाडीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि प्रदेश के 68 जिलों और 7 पुलिस कमिश्नरेट में विशेष स्कीम लागू की गई है। पिछले साल के मुकाबले इस साल के शुरुआती तीन महीनों में सड़क हादसों में होने वाली मौतों में करीब 450 की कमी आई है।
औसत निकाला जाए तो यूपी पुलिस प्रतिदिन 5 से 6 लोगों की जान बचाने में सफल रही है। मॉनिटरिंग के तहत आने वाली 88 इकाइयों में से 66 में हादसों में भारी कमी देखी गई है।
आधुनिक उपकरणों से लैस होगी पुलिस
सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए विभाग ने भारी निवेश किया है। डीजीपी ने जानकारी दी कि:-
- 25 नए इंटरसेप्टर फोर-व्हीलर वाहन बेड़े में शामिल किए गए हैं।
- 68 टू-व्हीलर इंटरसेप्टर और अन्य आधुनिक निगरानी उपकरण खरीदे गए हैं।
ये उपकरण जल्द ही सभी चिन्हित जिलों में भेज दिए जाएंगे ताकि तेज रफ्तार और उल्लंघन करने वालों पर लगाम कसी जा सके।
जाम से मुक्ति के लिए 'Five E' सिद्धांत और 170 रूट
शहरों में ट्रैफिक कंजेशन को दूर करने के लिए 'सिटी ट्रैफिक कंजेशन स्कीम' लागू की गई है।
चिन्हित मार्ग: लखनऊ में बख्शी का तालाब (BKT) से पॉलिटेक्निक रूट जैसे 40-50 किमी के स्ट्रेच पर विशेष फोकस है।
20 नगर और 170 रूट: प्रदेश के 20 प्रमुख नगरों के 170 व्यस्ततम रूटों पर यह योजना लागू होगी।
5E सिद्धांत: एजुकेशन (शिक्षा), अवेयरनेस (जागरूकता), इंजीनियरिंग सुधार, एनफोर्समेंट (प्रवर्तन) और ई-मॉनिटरिंग के जरिए जाम हटाया जाएगा।
लाइव मॉनिटरिंग: मुख्यालय स्तर से 24 घंटे ऐप के जरिए ट्रैफिक डेटा की मॉनिटरिंग होगी, जहाँ हर 15 मिनट में अपडेट मिलेगा।
सुरक्षा और आर्थिक अपराध पर प्रहार: ATS और SIT का गठन
यातायात के अलावा डीजीपी ने सुरक्षा और आर्थिक अपराधों पर भी कड़े तेवर दिखाए:-
ATS की कार्रवाई: यूपी एटीएस ने एक संदिग्ध मॉड्यूल का खुलासा करते हुए 4 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। डीजीपी ने कहा कि जांच सही दिशा में है और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
GST चोरी पर SIT: प्रदेश में जीएसटी चोरी को एक बड़ी चुनौती बताते हुए डीजीपी ने कहा कि 450 करोड़ के मामले पकड़े गए हैं। इसकी गहराई से जांच के लिए SIT का गठन किया गया है।










