रायपुर। राजधानी रायपुर में गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच अब गैस एजेंसियों में भी खेला शुरू हो गया है। शासन-प्रशासन के निर्देश के बावजूद एजेंसियों द्वारा बुकिंग कराने के बावजूद उपभोक्ता को गैस सिलेंडर की डिलीवरी देने में सप्ताहभर या उससे अधिक दिन लगाए जा रहे हैं, जिसके कारण उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ी हुई है।
इधर, जिले में हर दिन बुकिंग का प्रतिशत जिस तेजी से बढ़ रहा है, उसकी तुलना में वितरण का काम कछुआ गति से किया जा रहा है। यहीं कारण है कि जिले में लंबित बुकिंग के आंकड़े भी लगभग 40 हजार के करीब हैं। संबंधित विभाग के अफसरों की मानें तो जिले में पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडरों का स्टॉक है, लेकिन लंबित बुकिंग के आंकड़े कुछ और ही हकीकत बयां कर रहे हैं।
बुकिंग की तुलना में 25 प्रतिशत भी वितरण नहीं
सूत्रों के अनुसार, जिले में हर दिन जितने उपभोक्ता गैस सिलेंडरों की बुकिंग कराते हैं, उसकी तुलना में वितरण 25 प्रतिशत से भी कम हो पा रहा है। यही कारण है कि लंबित बुकिंग की संख्या भी घट नहीं रही है। एजेंसियों में स्थिति यह है कि शहरी क्षेत्र में एक सिलेंडर के बाद दूसरे सिलेंडर की बुकिंग जरूर 25 दिन के बाद हो रही है, लेकिन बुकिंग कराने के बाद भी उपभोक्ता को सिलेंडर मिलने में लगभग 30 से 35 दिन तक का समय लग रहा है। इंडेन, भारत जैसी कंपनियों की कई गैस एजेंसियां तो बुकिंग के 12 दिन के बाद भी उपभोक्ता को डिलीवरी नहीं दे पा रही हैं।
साइकिल, दोपहिया वाहन में खाली सिलेंडर लेकर पहुंच रहे उपभोक्ता
गैस एजेंसियों में बुकिंग कराने के बाद भी होम डिलीवरी में देर किए जाने के कारण अब उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर सीधे एजेंसी एवं गोदाम पहुंच रहे हैं। इस कारण एजेंसियों और गोदामों के बाहर अभी भी लोगों की भीड़ देखी जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के बाद बुकिंग, 50 दिन में डिलीवरी
ग्रामीण क्षेत्रों में भी गैस सिलेंडरों के संकट से घरेलू उपभोक्ता जूझ रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में घरेलू सिलेंडर की 45 दिन के बाद बुकिंग हो रही है, लेकिन बुकिंग कराने के बाद भी डिलीवरी में एजेंसियां 5 दिन से अधिक समय लगा रही हैं। इसके कारण उपभोक्ता को दूसरा सिलेंडर 50 दिन के बाद ही मिल पा रहा है।
केस- 2
सिलेंडर खत्म दिक्कत बढ़ी
आमापारा निवासी भुनेश्वर ने बताया कि, उसने भी 25 दिन बाद बुकिंग कराई, लेकिन 5 दिन से अधिक समय हो चुका है, डिलीवरी नहीं की गई है। उसके घर गैस सिलेंडर खत्म हो गया है, जिसके कारण अब इलेक्ट्रानिक चूल्हे पर ही खाना बना रहे हैं।
केस- 1
अब तक नहीं मिला सिलेंडर महावीर नगर निवासी अनिल रामानी ने बताया कि उनके यहां इंडेन कंपनी का सिलेंडर आता है। उसने नियम के तहत 25 दिन के बाद होम डिलीवरी के
लिए बुकिंग कराई थी, लेकिन बुकिंग कराने के 12 दिन के बाद भी उसके घर सिलेंडर नहीं पहुंचा है। सिलेंडर क्यों नहीं आ रहा है, यह पता लगाने के लिए वे दो बाद एजेंसी दफ्तर के
चक्कर लगा चुके हैं। वहां यही कहा जाता है कि स्टॉक नहीं आया है, आते ही डिलीवरी दी जाएगी।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)










