रायपुर। राजधानी रायपुर के VIP रोड स्थित हाइपर क्लब में देर रात अचानक हंगामा मच गया, जब एक साधारण-सी बातचीत ने विवाद का रूप ले लिया। युवती को “हाय” बोलने से शुरू हुआ मामूली मामला देखते ही देखते दो पक्षों के बीच झूमाझटकी और मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्लब कल्चर और सुरक्षा पर फिर सवाल उठने लगे हैं।
'हाय' बोलने से शुरू हुआ विवाद
सूत्रों के अनुसार, क्लब में मौजूद एक युवक ने एक युवती को “हाय” कहा, जिसके बाद वहां मौजूद दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई। थोड़ी देर में दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि माहौल तनावपूर्ण हो गया।
#रायपुर के हाइपर क्लब में युवती को 'हाय' बोलने पर दो पक्ष भिड़ गए और मामला मारपीट तक पहुंच गया जिसके बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। @RaipurDistrict #HyperClub #YouthFight #ViralVideo pic.twitter.com/g4wIseRi4o
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) April 9, 2026
दो पक्षों के बीच मारपीट और तीखी बहस
जो बात सिर्फ बहस में शुरू हुई थी, वह झूमाझटकी में बदल गई। युवकों के बीच धक्का-मुक्की, चिल्लाने और अपशब्दों का दौर चला। क्लब के गार्ड भी हालात संभालने में नाकाम नजर आए।
पुलिस के सामने भी जारी रहा हंगामा
सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्षों के बीच संघर्ष और बढ़ चुका था। पुलिस की मौजूदगी में भी विवाद शांत नहीं हुआ और हंगामे का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।
क्लब कल्चर पर उठे सवाल
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद एक बार फिर रायपुर के क्लब कल्चर और देर रात होने वाले विवादों पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि क्लबों में सुरक्षा व्यवस्था और मॉनिटरिंग को लेकर सख्ती की जरूरत है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)









