रायपुर। कोर्ट के आदेश पर परिवाद में कान्हाकिसली में रिसोर्ट बनाने के नाम पर शहर के एक व्यक्ति से 3 करोड़ 15 लाख की ठगी करने के मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज किया। इस मामले में रायपुर के बिल्डर सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को एक दिन की पुलिस रिमांड में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सिविल लाइन पुलिस के अनुसार, मिनोचा कालोनी निवासी विशाल सिंह चंदेल उर्फ विक्की ने कोर्ट में परिवाद पेश किया। इसके अनुसार वे 27 खोली, हालमुकाम प्रियदर्शनी नगर पचपेड़ी नाका राजेन्द्र नगर रायपुर निवासी दीपेन्द्र पाढ़ी पिता सुरेन्द्र नाथ पाढी 56 साल को अपने पिता के समय से 30 सालों से जानते हैं, वे उनके रायपुर स्थित पारिवारिक मकान में किराए से रहते थे। उनकी उसके दोस्त दुर्ग कातुल बोड़ हर्ष रायल हालमुकाम सरोना पार्थिवी प्रोविन्स कालोनी रायपुर निवासी कुसुमाकर राव भोसले पिता स्व. गुलाब राव भोसले 59 साल से जान पहचान थी। दीपेन्द्र पाढ़ी आर्किटेक्ट व बिल्डर है। उसका दोस्त उसके साथ काम करता है।
दोनों आरोपियों ने आईलैण्ड रिसार्ट बनाने के नाम पर दिया झांसा
सन् 2017 - 18 में विशाल सिंह चंदेल से दोनों आरोपियों ने कहा वे मध्यप्रदेश कान्हा किसली में आईलैण्ड रिसार्ट बनवा रहे हैं। जिसके लिए उन्होंने विशाल सिंह चंदेल से 2017 में 20 लाख रुपए एवं 24 जनवरी 2018 को 1 करोड़ रुपए उनके आफिस अग्रसेन चौक में लिखापढ़ी कर इकरारनामा साथ लिए थे। 24 जनवरी 2018 को आरोपियों के द्वारा अपनी फर्म आरकेबी टेक के नाम से चेक में हस्ताक्षर कर दिया गया था। उसके बाद वर्ष 2021 में 80 लाख रुपए एवं वर्ष 2022 में 1 करोड़ 15 लाख लिया गया था। रुपए लेने के बाद दोनों लौटाने के लिए घुमाने लगे।
दोनों आरोपी पुलिस रिमांड में
विशाल सिंह चंदेल रायपुर स्थित उनके निवास में अपना पैसा वापस मांगने गए तो दोनों ने अपने किसी मित्र तिवारी के नाम की 3 एकड़ जमीन की रजिस्ट्री करा देने की बात कही, इस पर विशाल सिंह चंदेल ने मना कर दिया। विश्वास में लेकर उन्होंने अपने पिताजी से मिलवाया, आश्वासन दिया कि वे रकम वापस करा देंगे। रुपए वापस नहीं मिलने पर विशाल सिंह चंदेल ने परिवाद पेश किया। कोर्ट ने दोनों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर कार्रवाई करने का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 420, 211, 34, 467, 468, 120 बी के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है। सीएसपी निमितेश सिंह परिहार के निर्देश पर एएसआई चंद्रकांत डहरिया ने बल के साथ रायपुर में दबिश देकर आरोपी दीपेन्द्र पाढ़ी, कुसमाकर राव भोसले को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपियों को एक दिन की रिमांड में पुलिस को सौंप दिया है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)










