रायपुर। राजधानी पुलिस को बदमाश लगातार चुनौती दे रहे हैं। ऐसे ही एक प्रकरण में शादी समारोह से लौट रहे एक परिवार के लोगों को अज्ञात बाइक सवार पांच बदमाशों ने बंधक बना लिया। इसके बाद परिवार से नकदी 20 हजार रुपए के साथ सोने की चेन और उनकी दो बाइक लूटकर फरार हो गए। महिला तथा युवती ने बदमाशों पर छेड़खानी करने के आरोप लगाए हैं। बदमाशों ने महिला तथा युवती को अपनी बाइक पर बैठाकर अपने साथ जबरन ले जाने की भी कोशिश की।
बदमाशों के डर से परिवार पूरी रात झाड़ियों के बीच छिपा रहा। सुबह थाने पहुंचकर पीड़ितों ने लूट तथा मारपीट की शिकायत दर्ज कराई।घटना मंगलवार-बुधवार दरमियानी रात की है। देवी सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि वह तथा उसके एक अन्य रिश्तेदार परिवार की एक युवती बाइक से दो अन्य के साथ दतरेंगा जा रहे थे। सेजबहार के पास उनकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। इसके बाद उन लोगों ने अपने एक अन्य रिश्तेदार को कॉल कर पेट्रोल लाने कहा। पेट्रोल के इंतजार में चारों सड़क किनारे खड़े थे।
इस दौरान दो बाइक पर पांच बदमाश सड़क किनारे खड़े लोगों के पास पहुंचे और उनसे वहां खड़े होने का कारण पूछे। इस दौरान एक बदमाश ने महिला के गले से चेन छीन ली। विरोध करने पर एक बदमाश ने देवी सिंह के एक पुरुष रिश्तेदार के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। दूसरे बदमाश ने देवी सिंह पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद चाकू की नोक पर बदमाशों ने लूटपाट मचाई।
महिला, युवती को जबरन ले जाने की कोशिश
पिंकी सोनी ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने उसके तथा उसकी दीदी के साथ छेड़खानी की। साथ ही देवी सिंह तथा एक अन्य को जान से मारने की धमकी देकर बदमाशों ने पिंकी तथा उसकी दीदी को जबरन बाइक में बैठाकर ले जाने की कोशिश करने लगे। इसी आपाधापी में पिंकी ने एक बदमाश के हाथ से चाकू छीन लिया और वह अपनी दीदी के साथ तेजी के साथ भागकर झाड़ियों के बीच जा छिपी। इस दौरान मौका देख बदमाश देवी तथा उसके एक अन्य रिश्तेदार को घायल अवस्था में छोड़ उनकी दोनों बाइक लेकर मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में जुटी पुलिस
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तथा क्राइम ब्रांच की टीम घटनास्थल पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की। एडीसीपी पश्चिम राहुल देव शर्मा के मुताबिक घटनास्थल के पास बदमाशों के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। पुलिस की टेक्नीकल टीम बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। एडीसीपी ने बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
अज्ञात बदमाशों ने कारोबारी पर किया चाकू से हमला
इधर, तेलीबांधा थाने में एक कारोबारी ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ गाली-गलौज से मना करने पर चाकू से जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। चाकूबाजी की घटना बुधवार देर शाम की है। मोबाइल कारोबारी गोविंद निचलानी ने थाने में चाकूबाजी की शिकायत दर्ज कराई है। कारोबारी ने पुलिस को बताया कि वह एक परिचित युवती के साथ दो अलग-अलग दोपहिया से जा रहे थे। इस दौरान दोपहिया सवार दो बदमाशों ने युवती के साथ गाली-गलौज किया। विरोध करने पर अज्ञात बदमाशों ने गोविंद पर नशे में होने का आरोप लगाते हुए उसके साथ झूमाझटकी की और चाकू से हमला कर फरार हो गए। घटना श्यामनगर के पास की है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)










