रायपुर। जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के जिला अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने पार्टी अनुशासन को बनाए रखने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, सरपंच, जनपद सदस्य सहित सभी चुने हुए जनप्रतिनिधियों को छोड़कर, रायपुर जिले के समस्त अन्य कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया है कि अब से किसी भी हालत में जिले के भाजपा विधायकों, मंत्रियों या अन्य प्रमुख भाजपा नेताओं के साथ सार्वजनिक मंच साझा करना या उनके द्वारा आयोजित किसी भी कार्यक्रम समारोह में भाग लेना पूर्णतः वर्जित रहेगा।
श्री बंजारे ने कहा, चुने हुए जनप्रतिनिधि केवल सरकारी कार्यक्रमों में ही औपचारिक रूप से भाजपा मंत्रियों-विधायकों के साथ मंच साझा कर सकते हैं। सरकारी कार्यक्रमों के अलावा किसी भी गैर-सरकारी कार्यक्रम, समारोह, सार्वजनिक मंच या भाजपा द्वारा आयोजित किसी भी कार्यक्रम में भाग लेना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आएगा और ऐसे में उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, चुने हुए जनप्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सरकारी कार्यक्रमों में भी जहां भाजपा के विधायक या मंत्री कांग्रेस पार्टी के खिलाफ आदतन गलत बयानबाजी करते हैं, कांग्रेस को कोसते हैं या पार्टी की छवि खराब करने वाले बयान देते हैं, ऐसे कार्यक्रमों में जाने से पूर्णतः परहेज करें। ऐसी स्थिति में औपचारिकता का बहाना बनाकर भी मंच साझा करने या उपस्थित रहने से बचना चाहिए।
होगी कड़ी कार्रवाई
उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, कांग्रेस पार्टी अनुशासन की मिसाल है। चुने हुए जनप्रतिनिधियों को छोड़कर यदि कोई भी नेता, पदाधिकारी या कार्यकर्ता इस सख्त निर्देश की अवहेलना करता है, तो उससे तुरंत लिखित स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें निलंबन या पार्टी से बाहर करने तक की कार्रवाई शामिल हो सकती है।
सख्ती से करें पालन
चुने हुए जनप्रतिनिधि भी यदि सरकारी कार्यक्रमों के अलावा किसी अन्य कार्यक्रम में भाजपा नेताओं के साथ मंच साझा करते हैं या कांग्रेस विरोधी बयानबाजी वाले माहौल में भाग लेते हैं, तो वे भी अनुशासनहीनता की श्रेणी में आएंगे और उनके विरुद्ध समान कार्रवाई की जाएगी। पार्टी अब किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने सभी कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से आग्रह की कि वे इस निर्देश का सख्ती से पालन करें। पार्टी की एकता, विचारधारा और साख बनाए रखना हर कांग्रेसजन का सर्वोच्च दायित्व है। कोई भी अनुशासन भंग करने वाला कार्यकर्ता या नेता पार्टी की नजरों में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)









