haribhoomi hindi news
बस्तर परिवहन संघ के चुनाव में प्रदीप पाठक के नेतृत्व वाले पैनल ने शानदार जीत दर्ज की। संघ के कुल 2143 सदस्यों में से 1432 ने मतदान में भाग लिया।

अनिल सामंत- जगदलपुर। बस्तर परिवहन संघ के चुनाव में इस बार तस्वीर पूरी तरह एकतरफा नजर आई, जहां प्रदीप पाठक के नेतृत्व वाले पैनल ने शानदार जीत दर्ज कर संगठन की कमान अपने हाथ में ले ली। सुबह से शुरू हुआ मतदान देर रात तक चला और परिणाम आते-आते यह साफ हो गया कि मतदाताओं ने बदलाव के बजाय एक मजबूत नेतृत्व पर भरोसा जताया है।

संघ के कुल 2143 सदस्यों में से 1432 ने मतदान में भाग लिया, जो अपने आप में बड़ी भागीदारी मानी जा रही है। दिनभर मतदान केंद्र के बाहर समर्थकों की हलचल और रणनीतिक समीकरणों की चर्चा होती रही। जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ी, पाठक पैनल की बढ़त लगातार मजबूत होती गई और अंततः पूरे पैनल ने जीत दर्ज कर ली। अपना पैनल से अध्यक्ष प्रदीप पाठक मतगणना के सात राउंड में अपने प्रतिद्वंदी एकता पैनल के राजेश झा उर्फ कन्हैय्या से सभी राउंड में बढ़त बनाते कुल 932 वोट हासिल किए। जबकि विरोधी पैनल अध्यक्ष प्रत्याशी राजेश झा 460 वोट हासिल कर पाए। इस तरह प्रदीप पाठक एकतरफा 472 मतों के अंतर से जीत हासिल की। जबकि सचिव पद में अपना पैनल के सुखदेव सिंह जोशी भी पहले राउंड से अंतिम सातवे राउंड तक अपने निकटम प्रतिद्वंदी अमरजीत सिंह से बढ़त बनाए थे। 

Pradeep Pathak's entire panel with supporters
समर्थकों के साथ प्रदीप पाठक का पूरा पैनल 

इन पदों पर इन्होने की जीत दर्ज 
सुखदेव को 943 वोट मिला, जबकि उनके विरोधी अमरजीत को 430 मतों दे सन्तुष्ट करना पड़ा। इस तरह सचिव पद में भी अपना पैनल के सुखदेव सिंह जोशी अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अमरजीत को 513 मतों के अंतर से जीत हासिल की। इसी तरह अपना दल से पूरा पैनल जीत दर्ज की। दो उपाध्यक्ष पद में महेंद्र सिंह नयन और रोशन यादव, कोषाध्यक्ष पद में जगनलाल झंवर, दो सह सचिव पद में क्रमशः संतोष सिंह यादव और रामबाबू ठाकुर को जीत मिली। एकता पैनल के सभी प्रत्याशियों की हार हुई। चुनाव परिणाम की घोषणा मुख्य निर्वाचन अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष मिश्रा ने देर रात को जारी की और निर्वाचित पदाधिकारियो को प्रमाण पत्र सौपा। 

समर्थकों ने जताई ख़ुशी 
जीत की सूचना मिलते ही अपना पैनल के सैकडों समर्थकों ने बस्तर परिवहन संघ कार्यालय के समक्ष भारी आतिबाजी और एक दूसरे पर रंग गुलाल लगाते होली और दीपावली एक साथ मनाया। जीत के बाद कार्यालय परिसर में जश्न का माहौल बन गया। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और फूलमालाओं से स्वागत किया। नई टीम से अब परिवहन व्यवसाय में सुधार, पारदर्शिता और सदस्यों की समस्याओं के त्वरित समाधान की उम्मीद जताई जा रही है। समर्थकों का कहना है कि यह जीत केवल व्यक्तियों की नहीं बल्कि संगठन में स्थिरता और विकास की दिशा में उठाया गया कदम है। अंतिम परिणाम में अध्यक्ष पद पर प्रदीप पाठक विजयी हुए,वहीं उपाध्यक्ष,सचिव और अन्य पदों पर भी उनके पैनल के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की।

मतदान से लेकर परिणाम तक रोमांचक रहा पूरा दिन
सुबह आठ बजे से शुरू हुए मतदान में शुरुआती घंटों से ही सदस्यों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिससे चुनाव के प्रति उत्साह साफ नजर आया। दोपहर बाद मतदान ने रफ्तार पकड़ी और शाम तक रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। देर शाम मतगणना शुरू होते ही दोनों पक्षों के समर्थक कार्यालय के बाहर डटे रहे और हर राउंड के साथ बढ़ती बढ़त ने माहौल को रोमांचक बनाए रखा। अंततः देर रात परिणाम घोषित होते ही पाठक पैनल के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और पूरे परिसर में जश्न का माहौल बन गया।

नई टीम के सामने ये रहेंगी बड़ी चुनौतियां
नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रदीप पाठक ने कहा नई कार्यकारिणी के सामने सबसे बड़ी चुनौती परिवहन व्यवसाय को व्यवस्थित करना और सदस्यों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान करना होगा। परमिट,टैक्स,मार्ग निर्धारण और प्रतिस्पर्धा जैसे मुद्दों पर ठोस रणनीति बनाना आवश्यक होगा। साथ ही प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर व्यवसाय को सुचारू रूप से चलाना और नए अवसरों का सृजन करना भी प्राथमिकता में रहेगा,ताकि संघ के सभी सदस्यों को इसका लाभ मिल सके।

7