Logo
12वीं कक्षा के हिंदी विषय के प्रश्नपत्र लीक संबंधित मामले में माध्यमिक शिक्षा मंडल थाने पहुंच गया है। 

रायपुर। 12वीं कक्षा के हिंदी विषय के प्रश्नपत्र लीक संबंधित मामले में माध्यमिक शिक्षा मंडल थाने पहुंच गया है। 14 मार्च को आयोजित बारहवीं कक्षा के हिंदी विषय के प्रश्नपत्र एक दिन पूर्व अर्थात 13 मार्च की रात व्हॉट्सऐप ग्रुप में वायरल होने का दावा किया जा रहा है। व्हॉट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट वायरल होने और विभिन्न माध्यमों से शिकायत प्राप्त होने के बाद अब मंडल ने एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं माध्यमिक शिक्षा मंडल का कहना है कि 14 मार्च को कक्षा 12वीं की हिन्दी विषय की परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई। 

इस संबंध में मंडल को 15 मार्च को संख्या मीडिया के माध्यम से यह जानकारी प्राप्त हुई कि छात्र संगठन द्वारा यह दावा किया गया है कि उक्त परीक्षा के एक दिन पूर्व दिनांक 13 मार्च को सोशल मीडिया पर हिन्दी विषय से संबंधित प्रश्नों का एक हस्तलिखित पर्चा वायरल हुआ था। व्हॉट्सऐप ग्रुप में वायरल पर्चे में अंकित प्रश्नों तथा परीक्षा में पूछे गए हिन्दी विषय के बी-सेट प्रश्नपत्र के प्रश्नों में समानता होने का दावा किया जा रहा है। इसके आधार पर उनके द्वारा एफआईआर करवाई गई है।

सचिव बोलीं-अनियमितता मिली तो कार्रवाई
हालांकि मंडल का कहना है कि सोशल मीडिया में वायरल पर्चा स्पष्ट एवं पठनीय नहीं है, जिससे उसकी सत्यता का प्रत्यक्ष परीक्षण संभव नहीं हो पा रहा है। माशिम सचिव पुष्पा साहू के अनुसार, संबंधित वीडियो तथा अन्य सामग्री परीक्षा सम्पन्न होने के बाद सामने आई है, अतः प्रथम दृष्टया इसे प्रश्नपत्र लीक की घटना के रूप में नहीं माना जा सकता। फिर भी परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील कार्य को दृष्टिगत रखते हुए मण्डल द्वारा इस मामले को गंभीरतापूर्वक संज्ञान में लिया गया है और एहतियात के तौर पर संबंधित प्रकरण में एफआईआर दर्ज कराते हुए पुलिस एवं साइबर सेल से विस्तृत जांच कराने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट हो सके। परीक्षाओं की गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए माशिम पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

7