Logo
आईपीएल 2026 के बीच न्यूज़ीलैंड और बांग्लादेश सीरीज खेलेंगे। 17 अप्रैल से 2 मई तक 3 ODI और 3 T20 मैच होंगे। आईपीएल में कोई बांग्लादेशी खिलाड़ी नहीं, टीम पूरी ताकत से उतरेगी।

BAN vs NZ Series Schedule: आईपीएल के दौरान आमतौर पर इंटरनेशनल क्रिकेट लगभग ठहर सा जाता है। दुनिया भर के खिलाड़ी इस लीग में हिस्सा लेते हैं और फैंस का पूरा ध्यान भी इसी टूर्नामेंट पर रहता है। लेकिन इस बार तस्वीर थोड़ी अलग है।

आईपीएल 2026 के बीच दो टीमें इंटरनेशनल सीरीज खेलने जा रही हैं। न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के बीच व्हाइट बॉल सीरीज का आयोजन होगा। दोनों टीमों के बीच यह व्हाइट-बॉल सीरीज 17 अप्रैल से 2 मई के बीच बांग्लादेश में खेली जाएगी। इस दौरे में तीन वनडे और तीन टी20 शामिल हैं। आईपीएल के बीच इस तरह की सीरीज वैसे बहुत कम होती है क्योंकि ज्यादातर क्रिकेट बोर्ड इस समय इंटरनेशनल मुकाबलों से बचते हैं।

आईपीएल के बीच बांग्लादेश-न्यूजीलैंड सीरीज
इस फैसले ने क्रिकेट फैंस का ध्यान खींचा है। एक तरफ जहां आईपीएल का क्रेज अपने चरम पर होगा,वहीं दूसरी तरफ यह सीरीज भी क्रिकेट प्रेमियों को एक अलग विकल्प देगी।

बांग्लादेश ने घर में पाकिस्तान को हराया
अगर टीमों की ताकत की बात करें, तो न्यूज़ीलैंड फिलहाल वनडे रैंकिंग में दूसरे नंबर पर है जबकि बांग्लादेश 10वें स्थान पर है। वहीं टी20 फॉर्मेट में भी न्यूज़ीलैंड चौथे और बांग्लादेश नौवें नंबर पर काबिज है। रैंकिंग के हिसाब से कीवी टीम का पलड़ा भारी नजर आता है लेकिन घरेलू कंडीशंस में बांग्लादेश हमेशा चुनौती पेश करता है।

इस सीरीज की एक और दिलचस्प बात यह है कि आईपीएल 2026 में एक भी बांग्लादेशी खिलाड़ी हिस्सा नहीं ले रहा। शुरुआत में मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर ने अपनी टीम में शामिल किया था, लेकिन बाद में कुछ आपत्तियों के चलते फ्रेंचाइज़ी ने उन्हें रिलीज कर दिया।

इस वजह से बांग्लादेश के सभी खिलाड़ी इंटरनेशनल सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे, जो टीम के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट हो सकता। हाल ही में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को अपने घर में वनडे सीरीज में हराया है। इससे भी टीम के हौसले बुलंद होंगे। वहीं न्यूज़ीलैंड के कुछ खिलाड़ी आईपीएल में व्यस्त रहेंगे, जिससे टीम कॉम्बिनेशन पर असर पड़ सकता है।

आईपीएल के बीच इस सीरीज का आयोजन एक तरह से क्रिकेट कैलेंडर में बदलाव का संकेत भी देता है। यह दिखाता है कि अब बोर्ड बड़े टूर्नामेंट के बीच भी अपनी द्विपक्षीय सीरीज को जारी रखने की कोशिश कर रहे हैं।

फैंस के लिए यह एक दिलचस्प स्थिति है- एक तरफ फटाफट क्रिकेट का रोमांच है तो दूसरी तरफ इंटरनेशनल क्रिकेट। अब देखना होगा कि इस टक्कर में किसे ज्यादा ध्यान और समर्थन मिलता है।

न्यूज़ीलैंड बनाम बांग्लादेश व्हाइट-बॉल सीरीज़ शेड्यूल

17 अप्रैल - पहला ODI, मीरपुर

20 अप्रैल - दूसरा ODI, मीरपुर

23 अप्रैल - तीसरा ODI, चटगांव

27 अप्रैल - पहला T20I, चटगांव

29 अप्रैल - दूसरा T20I, चटगांव

2 मई - तीसरा T20I, मीरपुर

7