haribhoomi hindi news
अम्बिकापुर के SECL अमेरा खदान का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे रोजाना 100 टन से अधिक कोयला चोरी करते दिख रहे हैं। प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद चोरी नहीं थम रही।

संतोष कश्यप - अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में अम्बिकापुर के लखनपुर थाना क्षेत्र स्थित SECL अमेरा खदान से बड़े पैमाने पर कोयला चोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में महिलाएं, पुरुष और बच्चे सामूहिक रूप से खदान से कोयला लाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि, प्रतिदिन 100 टन से अधिक कोयला चोरी कर बाइक और अन्य साधनों से ईंट भट्ठों तक पहुंचाया जा रहा है। इस खुलासे ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्रामीणों का समूह खदान में घुसकर करता है चोरी
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि ग्रामीणों का एक बड़ा समूह रोजाना खदान के भीतर घुस जाता है। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। बिना किसी रोक-टोक के वे बड़ी मात्रा में कोयला उठा रहे हैं और उसे घरों या वाहनों तक पहुंचाते दिखाई देते हैं।

रोकने पर खदान कर्मियों पर हमले की घटनाएँ
SECL कर्मचारियों ने कई बार ग्रामीणों को रोकने की कोशिश की, लेकिन उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की घटनाएं सामने आने की बात कही जा रही है। इससे सुरक्षा गार्ड और कर्मचारी भय के चलते हस्तक्षेप करने से कतराने लगे हैं।

बाइक से ईंट भट्ठों को सप्लाई, सरकार को लाखों का नुकसान
चोरी किया गया कोयला आसपास के ईंट भट्ठों तक बाइक और अन्य छोटे वाहनों के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है। इस अवैध गतिविधि के कारण सरकार और SECL को हर दिन लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। फिलहाल अधिकारी इस पर कोई प्रभावी रोक नहीं लगा सके हैं।

पुलिस कार्रवाई के बावजूद नहीं रुकी चोरी
लखनपुर पुलिस ने पूर्व में कई बार छापेमारी कर अभियुक्तों को पकड़ा भी था, लेकिन चोरी की घटनाएं लगातार जारी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि संगठित गिरोह इस नेटवर्क को संचालित करता है, जिसकी वजह से कार्रवाई का असर नहीं दिख रहा।

सोशल मीडिया पर मीम्स और बहस की बाढ़
वायरल वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स, व्यंग्य और बहस का दौर तेज हो गया है। लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं और प्रशासनिक ढील को जिम्मेदार बता रहे हैं।

7