अजय सूर्यवंशी - जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत किनकेल में शनिवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जोरदार था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सवार सड़क पर दूर तक जा गिरे।
बाइक की किस्त भरकर लौट रहा युवक भी बना शिकार
हादसे में शामिल एक बाइक पर सवार दो युवक वाहन की मासिक किस्त जमा कर जशपुर से अपने घर लौट रहे थे। वापस आते समय किनकेल के पास सामने से तेज रफ्तार में आई दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पिकनिक से लौट रहे तीन युवक घायल
दूसरी बाइक पर तीन युवक सवार थे, जो पिकनिक मनाकर वापस लौट रहे थे। तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण उनका संतुलन बिगड़ा और सामने आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में तीनों युवक गंभीर घायल हुए, जिनमें एक की मौत हो चुकी है।
एक घायल बाहर रेफर, दो का जिला अस्पताल में इलाज
घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत जिला चिकित्सालय जशपुर लाया गया। डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए एक युवक को बाहर रेफर कर दिया है, जबकि दो घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। हादसे के सही कारणों की जांच जारी है। प्राथमिक अनुमान तेज गति और लापरवाही को माना जा रहा है।











