Logo
बिहार शिक्षक भर्ती के चौथे चरण (TRE-4) का विज्ञापन जारी न होने पर छात्र नेता दिलीप कुमार ने आंदोलन का ऐलान किया है। उन्होंने BPSC को 31 मार्च तक का समय दिया है।

BPSC TRE 4: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) का विज्ञापन जारी करने में हो रही देरी ने अभ्यर्थियों के गुस्से को हवा दे दी है। छात्र नेता दिलीप कुमार ने शनिवार को हुंकार भरते हुए कहा कि अगर अगले 3 दिनों के भीतर (31 मार्च तक) विज्ञापन नहीं निकाला गया, तो राज्य भर के अभ्यर्थी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे।

आयोग और विभाग पर गुमराह करने का आरोप
दिलीप कुमार ने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग और बीपीएससी मिलकर 10 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि करीब डेढ़ महीने पहले आयोग ने अधियाचना आने की बात कही थी, लेकिन 18 मार्च को हुए आंदोलन के समय अधिकारियों ने बताया कि शिक्षा विभाग ने अधियाचना वापस ले ली है। बार-बार बदलते बयानों से छात्रों में भारी असंतोष है।

शिक्षा मंत्री को दी नसीहत
छात्र नेता ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने मंत्री पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें अपने पद की गरिमा का ख्याल रखना चाहिए। दिलीप ने तंज कसते हुए पूछा कि आखिर पिछले दो सालों से कौन सा 'रोस्टर' बनाया जा रहा है जो अब तक पूरा नहीं हुआ? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भर्ती प्रक्रिया में जानबूझकर लेटलतीफी कर रही है।

30 मार्च को बेगूसराय में महाबैठक
आगामी रणनीति को लेकर दिलीप कुमार ने बताया कि 30 मार्च को बेगूसराय में एक बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में न केवल शिक्षक अभ्यर्थी, बल्कि लाइब्रेरियन, दरोगा और सिपाही भर्ती की तैयारी करने वाले छात्र भी शामिल होंगे। बैठक में सभी लंबित भर्तियों और छात्र मांगों पर चर्चा कर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

सितंबर में प्रस्तावित है परीक्षा
बीपीएससी के संशोधित परीक्षा कैलेंडर के अनुसार, TRE-4 परीक्षा 22 से 27 सितंबर 2026 के बीच होनी है, जिसका परिणाम नवंबर में आना है। पहले चर्चा थी कि मार्च के अंत तक आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, लेकिन नोटिफिकेशन न आने से छात्र मानसिक तनाव में हैं। छात्रों का कहना है कि अब उन्हें विभाग के कोरे आश्वासनों पर भरोसा नहीं रहा।

7