Bhagalpur News: बिहार के भागलपुर में सोशल मीडिया पर फेमस होने का 'खूनी शौक' एक बुजुर्ग की मौत का कारण बन गया। घटना परबत्ता थाना क्षेत्र के अगुवानी फोरलेन की है, जहां रील बनाने के चक्कर में तेज रफ्तार बाइक सवार युवकों ने एक बुजुर्ग पशुपालक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 55 वर्षीय कैलाश यादव उर्फ कैलू यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
भैंस चराकर लौट रहे थे घर
मृतक कैलाश यादव खीराडीह गांव के रहने वाले थे। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 5 बजे वह अगुवानी गंगा घाट से अपनी भैंस चराकर फोरलेन के रास्ते घर लौट रहे थे। इसी दौरान डुमरिया बुजुर्ग गांव के पास ओवरब्रिज के समीप रील बना रहे बाइक सवारों ने अपना नियंत्रण खो दिया और बुजुर्ग को कुचलते हुए डिवाइडर से जा टकराए।
दो युवक फरार, चालक अस्पताल में भर्ती
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों का आरोप है कि बाइक पर कुल तीन युवक सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे के तुरंत बाद बाइक पर पीछे बैठे दो युवक मौके से फरार हो गए। वहीं, बाइक चला रहा 23 वर्षीय आयुष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि फिलहाल पुलिस मृतक के परिजनों के बयान और लिखित शिकायत का इंतजार कर रही है। पुलिस फरार हुए अन्य दो युवकों की तलाश में भी जुटी है और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की बात कही है।
सोशल मीडिया का जानलेवा जुनून
आजकल युवाओं में वायरल होने और फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ मची है। इसके लिए वे अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने से भी नहीं कतराते। बिहार में रील बनाने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने या सड़क हादसों की खबरें लगातार सामने आ रही हैं, जो समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है।










