Logo
मंत्री दिलीप अहिरवार ने बीच रास्ते काफिला रोककर खेत में लगी आग बुझाने में किसानों की मदद की। छतरपुर की इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। इसे देखकर लोग मंत्री अहिरवार की सराहना कर रहे हैं।

छतरपुर। मध्य प्रदेश के पर्यावरण एवं वन मंत्री दिलीप अहिरवार ने छतरपुर यात्रा के दौरान अपने काफिले को बीच रास्ते में रोककर एक किसान के खेत में लगी आग बुझाने में मदद करने जा पहुंचे। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल वीडियो में मंत्री अहिरवार स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर आग बुझाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। 

खेत में अचानक भड़की आग
जानकारी के अनुसार, यह घटना चंदला क्षेत्र के धावा तिगेला के पास की है। यहां एक किसान के खेत में अचानक आग लग गई थी। देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी। इससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे मंत्री से सड़क किनारे खड़ी एक महिला ने मदद की गुहार लगाई। महिला की आवाज सुनते ही दिलीप अहिरवार ने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और बिना देर किए खेत की ओर दौड़ पड़े।

ग्रामीणों के साथ आग बुझाई 
मंत्री स्थानीय ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। सभी ने मिलकर स्थिति को समय रहते संभाल लिया। जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। यह दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। लोग मंत्री दिलीप अहिरवार के इस कदम की सराहना कर रहे हैं।  

हानि की भरपाई का वायदा
बताया जाता है कि मंत्री अहिरवार सरवई में रामनवमी के जुलूस से लौट रहे थे और चंदला की ओर जा रहे थे, तभी यह घटना सामने आई। वह अपने पूरे दल बल के साथ आग बुझने में जुट गए। आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के बाद मंत्री दिलीप अहिरवार ने प्रभावित महिला को फसल के नुकसान की भरपाई के लिए हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया। 

7