Sarkari Naukri: देश सेवा का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। अग्निवीर भर्ती रैली 2027 के तहत इंदौर और उज्जैन संभाग के 15 जिलों में सेना भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस (ARO), महू द्वारा आयोजित इस भर्ती अभियान के जरिए हजारों युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने का मौका मिलेगा।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अंतिम तारीख 1 अप्रैल तय की गई है, ऐसे में इच्छुक उम्मीदवारों के लिए यह सुनहरा अवसर है, जिसे समय रहते हाथ से जाने न दें।
एक अप्रैल तक कर सकते हैं आवेदन
अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि एक अप्रैल निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें और सभी जरूरी दस्तावेज सही तरीके से अपलोड करें।
कई पदों पर मांगे गए आवेदन
इस भर्ती अभियान के अंतर्गत कई पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इनमें अग्निवीर (पुरुष) जनरल ड्यूटी, स्टोर कीपर टेक्निकल, टेक्निकल और ट्रेड्समैन (8वीं और 10वीं पास) शामिल हैं। इसके अलावा महिला सैन्य पुलिस के पद पर भी भर्ती की जाएगी। वहीं कुछ स्थायी पदों जैसे नर्सिंग असिस्टेंट, नर्सिंग असिस्टेंट (वेटरनरी) और सिपाही फार्मा के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
आयु सीमा में एक साल की छूट
इस बार भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को आयु सीमा में एक वर्ष की छूट दी गई है। अग्निवीर पदों के लिए वे उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जिनका जन्म एक जुलाई 2005 से 1 जुलाई 2009 के बीच हुआ है। वहीं स्थायी पदों के लिए 1 जुलाई 2004 से 1 जुलाई 2009 के बीच जन्मे अभ्यर्थी पात्र माने जाएंगे। यह बदलाव युवाओं को अधिक अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया है।
सेना में शामिल होने का अवसर
सेना ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे आवेदन करने से पहले सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस, महू के हेल्पलाइन नंबर 7648815570 पर संपर्क कर सकते हैं। अग्निवीर भर्ती 2027 युवाओं के लिए देश की सेवा का एक सुनहरा मौका है। भर्ती के माध्यम से चयनित उम्मीदवार भारतीय सेना का हिस्सा बनकर अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं।









