बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में जोत जंवारा होथे माता तोर विसरजन ओ, इन भक्तिपूर्ण पारंपरिक जस गीतों की गूंज के साथ चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व का भव्य समापन हुआ। ग्रामीण क्षेत्रों के ग्राम अकलवारा, कांचरी, हरडुवा, भोजेपारा, देवकर सहित छोटे बड़े सभी गांवों में 9 दिनों की कठिन साधना और सेवा के बाद शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ जंवारा का विसर्जन किया गया।
ग्राम अकलवारा के ग्रामीण और मातारानी के भक्त ध्रुव साहू ने बताया कि 9 दिनों तक अखंड ज्योति और जंवारा की सेवा के बाद विसर्जन के दिन पूरा ग्रामीण क्षेत्र शक्ति की आराधना में सराबोर नजर आया। ग्राम अकलवारा में श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। जहां श्रद्धालु सिर पर जंवारा कलश धारण कर गाजे बाजे के साथ शोभा यात्रा के रूप में निकले। गाजे बाजे और जस गीतों की धुन पर थिरकते श्रद्धालुओं ने पूरे गांव का भ्रमण किया। जिससे वातावरण पुरी तरह भक्तिमय हो गया।
श्रद्धालुओं ने विधि विधान के साथ जंवारा का किया विसर्जन
सांकल और पारंपरिक अस्त्रों के साथ भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। गांव की गलियों में जगह-जगह ग्रामीणों ने जोत जंवारा की आरती उतारी और परिवार व गांव की सुख समृद्धि के लिए माता रानी से आशीर्वाद मांगा। 9 दिनों तक चले धार्मिक अनुष्ठान के समापन पर धर्म प्रेमी श्रद्धालुओं द्वारा विधि विधान के साथ जंवारा का विसर्जन किया गया। इस दौरान भक्ति और आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिला। नवरात्रि की प्रथम दिन अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर माता की आराधना प्रारंभ की गई। जो पूरे 9 दिनों तक निरंतर जारी रही।
दंतेश्वरी मंदिर और नवग्रह शनि मंदिर में अष्टमी के दिन हुआ हवन पूजन
श्रद्धालुओं ने माता दुर्गा के 9 स्वरूपों की विधिवत पूजा अर्चना पर सुख समृद्धि की कामना की। ग्राम अकलवारा स्थित प्राचीन शीतला मंदिर, दंतेश्वरी मंदिर और नवग्रह शनि मंदिर में अष्टमी के दिन हवन पूजन संपन्न कराया। प्राचीन शीतला माता मंदिर में पंडा पुजारी सखा राम साहू, आनंद राम साहू, सिद्ध शक्ति पीठ दंतेश्वरी मंदिर में कामता प्रसाद साहू, दुकलहा राम सिन्हा, तुकाराम साहू, धनेश्वर गोड़ ने तथा नवग्रह शनि मंदिर में दुखित राम साहू और फगुवा राम साहू ने हवन पूजन कराया और जंवारा विसर्जन में प्रमुख मार्गदर्शक रहे।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
इसके पश्चात मनोकामना दीप के साथ गाँव भ्रमण कराया गया। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जंवारा विसर्जन के पूर्व मां जगत जननी की विशेष पूजा अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालु मां दुर्गा के जस गीत गाते हुए ढोल मंजीरे और बाजे की धुन पर पूरे गाँव की परिक्रमा करते हुए तालाब पहुंचे। जहां विधिपूर्वक जंवारा का विसर्जन किया गया।
इस अवसर पर ये रहे उपस्थित
इस दौरान श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख शांति एवं समृद्धि की कामना की। जय माता दी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्ति मय हो गया और गांव गाँव में श्रद्धा और उल्लास का अनोखा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर ग्राम के सरपंच विजय कुमार साहू, ग्राम पटेल कमल नारायण साहू, पूर्व सरपंच संतोष कुमार साहू, ध्रुव साहू, विश्वनाथ साहू, नंद कुमार साहू, डोगेंद्र साहू, देवेंद्र साहू, संतु निषाद, महावीर निषाद, संजय सिन्हा, शैलेंद्र कुमार साहू सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।









