रायपुर। राजधानी रायपुर का भाठागांव स्थित अंतर्राज्यीय बसस्टैंड अब धीरे-धीरे गांजा तस्करी का प्रमुख अड्डा बनता जा रहा है। गांजा का अवैध कारोबार करने वाले लोग बसस्टैंड से ही बसों के माध्यम से दूसरे राज्यों से गांजा लाना और ले जाना कर रहे हैं। इधर रायपुर पुलिस भी गांजा तस्करों को पकड़ने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इस कड़ी में पुलिस ने दो अलग-अलग प्रकरण में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक महिला और एक नाबालिग भी शामिल है। इन आरोपियों के कब्जे से कुल 12.938 किलो ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कुल कीमत 6 लाख 50 हजार रुपए है।
ओड़िशा, मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों से पहुंच रहा सूखा नशा -राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के अन्य कई जिलों में यात्री बसों के माध्यम से सूखा नशा का कारोबार हो रहा है। यह कारोबार इतना ज्यादा फैल रहा है कि अब लोग बेधड़क होकर बसों से भी गांजा की तस्करी कर रहे हैं। इस तस्करी में लोग गांजा को छिपाने के लिए स्कूल बैग, झोला, ट्राली बैग सहित अन्य कई चीजों का इस्तेमाल भी कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि अंतर्राज्यीय बसस्टैंड में इससे पहले भी गांजा के साथ कई लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। गांजा के साथ पकड़े गए आरोपियों में ज्यादातर दूसरे राज्य के रहवासी हैं। इससे पता चलता है कि रायपुर सहित प्रदेश में आने वाला गांजा ज्यादातर ओड़िशा और मध्यप्रदेश से लाया जा रहा है।
स्कूल बैग-झोले में भरकर लाए थे गांजा
पुलिस अधिकारियों ने गांजा तस्करी के प्रकरणों का खुलासा करते हुए बताया कि भाठागांव स्थित बसस्टैंड में गांजा तस्करों की लगातार सक्रियता की सूचना मिली थी। इस सूचना पर पुलिस ने 9 फरवरी को दोपहर और शाम के समय पर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान बसस्टैंड में आने और जाने वाली सभी बसों की जांच की गई। खासकर दूसरे राज्य जैसे ओड़िशा और मध्यप्रदेश से आने वाली बसों की विशेष जांच की गई। इस दौरान दोपहर में जांच के दौरान एक महिला एवं दो पुरुष यात्री पर संदेह हुआ। इस आधार पर उनके पास रखा झोला और स्कूल के बैग की तलाशी ली गई। इन दोनों में 5 किलो 938 ग्राम गांजा भरा हुआ मिला, जिसकी कीमत तीन लाख रुपए है। इन आरोपियों की पहचान पिंकी हरिजन पति देवानंद मंडल 22 वर्ष निवासी ग्राम गोईपटा मुसैना थाना लांजीगढ़ जिला कालाहांडी ओड़िशा हाल पता सिलतरा धरसींवा, क्षीतिज प्रताप सिंह 22 वर्ष निवासी थाना गमापुर जिला जबलपुर मध्यप्रदेश, रामकृष्ण तिवारी 29 वर्ष निवासी ग्राम बेरिया थाना मऊगंज जिला रीवां मध्यप्रदेश हाल पता सिलतरा रायपुर के अलावा एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। नाबालिग लड़का भी गमापुर थाना बेलबाग जिला जबलपुर मध्यप्रदेश का रहने वाला है।
ट्राली बैग में मिला 7 किलो गांजा
एक अन्य प्रकरण में पुलिस ने इसी दिन शाम को करीब 5.15 बजे बसस्टैंड में ही एक पुरुष यात्री को संदेह के आधार पर पकड़कर उसके पास रखे ट्राली बैग की तलाशी ली। इस बैग से 7 किलोग्राम गांजा भरा हुआ था, जिसकी कीमत साढ़े तीन लाख रुपए है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी अरुण जाल 37 वर्ष ग्राम हीरालोई थाना किससिन्दा संबलपुर ओड़िशा का निवासी है। पूछताछ में यह भी पता चला कि वह गांजा वहीं से लेकर रायपुर पहुंचा था। पुलिस ने सभी आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए व्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
सूखे नशे में बरबाद हो रहे युवा एक का वीडियो आया सामने
राजधानी रायपुर में कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद भी सूखे नशे के कारोबार पर अंकुश लग नहीं पाया है। ड्रग्स सहित अन्य सूखे नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है. जिसके कारण युवा पीढ़ी में भी यह लत तेजी से फैल रही है। यही कारण है कि इसका सेवन करने वाले लोग अब एकांत या सूनसान जगह नहीं, बल्कि सार्वजनिक जगहों पर भी इसका सेवन करने लगे हैं। एक युवक का सोशल मीडिया में एक ऐसा ही विडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह ड्रग्स पाउडर को अपने मोबाइल के स्क्रीन पर रखकर पाइप के माध्यम से उसे नाक के अंदर खींच रहा है। इस विडियो को देखकर पता चलता है कि ड्रग्स बहुत आसानी से लोगों को मिल जा रहा है और लत की वजह से वे किसी भी जगह पर नशा करने लगे हैं। यह विडियो भी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस का कहना है कि इस तरह का कोई विडियो उन तक नहीं पहुंचा है और न ही कोई शिकायत आई है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा कोई विडियो वायरल हुआ है, तो इसकी जांच कर युवक का पता लगाकर उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले भी कई विडियो आ चुके सामने
ड्रग्स लेने का यह पहला विडियो वायरल नहीं हुआ है। इससे पहले भी इस तरह के कई विडियो वायरल हो चुके हैं। कुछ विडियो के आधार पर पुलिस ने नशा करने वालों को गिरफ्तार भी कर चुकी है। जिस तरह से सोशल मीडिया में सूखा नशा करते युवा पीढ़ी के विडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं, उसे देखकर यह भी संभावना जताई जा रही है कि सूखे नशे को लेकर अब इससे जुड़े लोग खुद विडियो वायरल कर इसका प्रचार कर रहे हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को इसकी लत लगे और कारोबार बढ़ता रहे।
जांच कर कार्रवाई की जाएगी
कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि, इस तरह का विडियो वायरल होने की जानकारी नहीं मिली है। अगर ऐसा कोई विडियो वायरल हुआ है, तो इसका पता कर इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
गांधी मैदान पार्किंग का बताया जा रहा विडियो
सोशल मीडिया में जिस युवक का ड्रग्स लेते हुए विडियो वायरल हुआ है, वह विडियो शहर के गांधी मैदान स्थित पार्किंग का बताया जा रहा है। इस विडियो में दिखाई दे रहा है कि युवक ने अपने मोबाइल के स्क्रीन पर ड्रग्स पाउडर की दो लाइन बना रखी











