Logo
Bhagam Bhag 2: फिल्म 'भागम भाग 2' का गोविंदा हिस्सा नहीं होंगे। अभिनेता परेश रावल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि फिल्म के सीक्वल में गोविंदा की जगह मनोज बाजपेयी लीड रोल में नजर आएंगे।

Bhagam Bhag 2: कॉमेडी फिल्म 'भागम भाग' के सीक्वल को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। हाल ही में खबरें आई थीं कि फिल्म में गोविंदा को मनोज बाजपेयी ने रिप्लेस किया है। इस खबर पर अब दिग्गज अभिनेता परेश रावल ने मुहर लगा दी है। परेश रावल ने कन्फर्म कर दिया है कि 'भागम भाग 2' में इस बार गोविंदा की जगह मनोज बाजपेयी नजर आएंगे।

साल 2006 में रिलीज हुई पहली फिल्म में अक्षय कुमार, गोविंदा और परेश रावल की तिकड़ी ने दर्शकों को खूब हंसाया था। अब सीक्वल में नई जोड़ी के साथ कहानी आगे बढ़ेगी।

मनोज बाजपेयी की एंट्री पर क्या बोले परेश रावल?

बॉलीवुड हंगामा से बातचीत के दौरान परेश रावल ने मनोज बाजपेयी के फिल्म से जुड़ने की पुष्टि करते हुए कहा, 'यह एक अलग और अनोखा कॉम्बिनेशन होगा'। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि फिल्म में गोविंदा की कमी जरूर खलेगी। हालांकि, गोविंदा के प्रोजेक्ट से बाहर होने की वजह के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

पहली भागम भाग में अक्षय कुमार, गोविंदा और परेश रावल के साथ लारा दत्ता, राजपाल यादव, जैकी श्रॉफ, अरबाज खान, शक्ति कपूर, मनोज जोशी, रजाक खान और असरानी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में थे। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, सीक्वल में अक्षय कुमार और परेश रावल अपनी भूमिकाओं में वापसी करेंगे।

डबल रोल में दिखेंगे परेश रावल

परेश रावल ने अपने किरदार पर संकेत दिया कि इस बार वह फिल्म में डबल रोल निभाते नजर आएंगे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि फिल्म में खूब मजा आएगा और धमाल होगा।

यह पहली बार नहीं है जब परेश रावल एक से ज्यादा भूमिकाओं में दिखेंगे। इससे पहले वह 'अंदाज अपना अपना', 'प्लेटफॉर्म', 'जनम कुंडली' और 'चोर मचाए शोर' जैसी फिल्मों में डबल रोल कर चुके हैं। वहीं 'ओए लकी लकी ओए' में उन्होंने ट्रिपल रोल निभाया था।

ये होंगी लीड एक्ट्रेस

खबरों के मुताबिक, फिल्म में मीनााक्षी चौधरी को फीमेल लीड के तौर पर लिया जा सकता है। वह गुंटूर कारम, द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम और लकी भास्कर जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। हिंदी सिनेमा में उनकी शुरुआत 2019 की फिल्म अपस्टार्ट्स से हुई थी। बताया जा रहा है कि मनोज बाजपेयी के अपोजिट उनकी कास्टिंग को लेकर बातचीत जारी है।

भागम भाग 2 का निर्देशन इस बार राज शांडिल्य करेंगे। पहली फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया था। नए निर्देशक और नई स्टारकास्ट के साथ फिल्म से दर्शकों को एक बार फिर फुल-ऑन कॉमेडी एंटरटेनमेंट की उम्मीद है।

5379487