Logo
पटना के दीघा गोलंबर पर शुक्रवार, 6 फरवरी शाम एक चलती कार में भीषण आग लग गई। कार सवार निजी कंपनी के एजीएम ने समय रहते बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। पिछले 6 महीनों में शहर में ऐसी 10 से ज्यादा घटनाएं हो चुकी हैं।

Patna Car Fire: बिहार की राजधानी पटना के दीघा गोलंबर पर शुक्रवार, 6 फरवरी की शाम एक खौफनाक मंजर देखने को मिला। एक चलती कार अचानक 'आग का गोला' बन गई। कार में धुआं उठता देख चालक ने सूझबूझ दिखाई और गाड़ी रोककर तुरंत बाहर छलांग लगा दी। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।

बीच सड़क पर धू-धू कर जलती कार को देखकर इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पास ही मौजूद यातायात पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाला।

विग्रहपुर लौट रहे थे निजी कंपनी के एजीएम
जानकारी के मुताबिक, कार में एक निजी कंपनी के एजीएम (AGM) सवार थे, जो दीघा स्थित अपने कार्यालय से जक्कनपुर के विग्रहपुर स्थित घर लौट रहे थे। शाम करीब साढ़े छह बजे जैसे ही उनकी कार दीघा गोलंबर के पास पहुंची, इंजन से अचानक गहरा धुआं निकलने लगा।

खतरे को भांपते हुए एजीएम ने तुरंत कार साइड की और बाहर निकल आए। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन पेट्रोल या शॉर्ट सर्किट के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी कार जलकर राख हो गई।

दमकल की टीम ने पाया काबू, बड़ा हादसा टला
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, कार पूरी तरह से जल चुकी थी। गांधी मैदान यातायात थानाध्यक्ष ने बताया कि गनीमत यह रही कि कार सवार अधिकारी समय रहते बाहर निकल गए थे, वरना कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई तकनीकी खराबी थी।

पटना में बढ़ रहे हैं कार में आग लगने के मामले
हैरानी की बात यह है कि पटना की सड़कों पर इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पिछले 6 महीनों के आंकड़ों पर गौर करें तो शहर के अलग-अलग इलाकों में अब तक 10 से ज्यादा चलती कारों में आग लगने की खबरें सामने आ चुकी हैं।

ऑटोमोबाइल विशेषज्ञों का कहना है कि पुरानी वायरिंग, अनधिकृत फिटिंग्स और इंजन की सही देखरेख न होने के कारण गाड़ियों में शॉर्ट सर्किट की समस्या बढ़ रही है। पुलिस और फायर विभाग ने वाहन मालिकों से समय-समय पर सर्विसिंग कराने की अपील की है।

5379487