Logo
election banner
Pappu Yadav filed nomination from Purnia: पप्पू यादव ने बिहार में सीट शेयरिंग से पहले कहा था कि दुनिया छोड़ दूंगा, पूर्णिया नहीं छोडूंगा। राहुल गांधी जी और प्रियंका गांधी जी का विश्वास मेरे साथ है। अब फैसला उनको करना है।

Pappu Yadav filed nomination from Purnia: लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में नामांकन का आज, गुरुवार (4 अप्रैल) को आखिरी दिन। बिहार में पूर्णिया, कटिहार, बांका, किशनगंज और भागलपुर में नामांकन चल रहा है। इन पांचों सीट में सबसे हॉट सीट पूर्णिया है। राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने पूर्णिया सीट से नामांकन भर दिया है। वे जब नामांकन करने पहुंचे तो उनके साथ मौजूद लोगों के हाथों में कांग्रेस का झंडा था। पप्पू यादव की जुबान पर भी कांग्रेस, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी का नाम था। हालांकि उन्होंने पर्चा निर्दलीय भरा है। 

पप्पू यादव के नामांकन पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने साफ कर दिया है कि पार्टी से बाहर नामांकन करने की इजाजत किसी को नहीं है। वहीं, बिहार कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौर ने भी कहा कि पप्पू यादव पार्टी के उम्मीदवार नहीं हैं। 

पप्पू यादव ने अपनी पार्टी का कांग्रेस में किया था विलय
पप्पू यादव ने हाल ही में अपनी पार्टी जाप का कांग्रेस पार्टी के साथ विलय किया था। लेकिन INDI गठबंधन में जब सीटों का बंटवारा हुआ तो पूर्णिया सीट लालू यादव की पार्टी आरजेडी के खाते में आई। यहां आरजेडी ने बीमा भारती को टिकट दिया है। बीमा भारती ने भी नामांकन दाखिल कर दिया है। 

ये मेरी राजनीतिक हत्या की साजिश थी
नामांकन के बाद पप्पू यादव ने कहा कि ये मेरी राजनीतिक हत्या की साजिश थी। सीमांचल की आजादी, जातीय विवाद, भ्रष्टाचार और नफरत का खात्मा करना है। हर परिवार की खुशी और गरीबी मिटाने का मेरा संकल्प है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें गांधी परिवार का आशीर्वाद मिला है। कांग्रेस परिवार मेरे साथ है और मैं कांग्रेस के साथ खड़ा रहूंगा। जनता के आशीर्वाद से मेरी जीत होगी। 

पप्पू यादव ने कहा था- दुनिया छोड़ दूंगा, पूर्णिया नहीं छोडूंगा
पप्पू यादव ने बिहार में सीट शेयरिंग से पहले कहा था कि दुनिया छोड़ दूंगा, पूर्णिया नहीं छोडूंगा। राहुल गांधी जी और प्रियंका गांधी जी का विश्वास मेरे साथ है। अब फैसला उनको करना है। इसके ठीक बाद बिहार में महागठबंधन के बीच सीटों का बंटवारा हो गया। महागठबंधन ने पप्पू यादव का पत्ता काट दिया है। पूर्णिया की सीट राजद के खाते में चली गई। 

40 साल बाद पूर्णिया सीट पर कोई महिला उम्मीदवार
INDI गठबंधन की तरफ से बीमा भारती पूर्णिया सीट पर चुनाव लड़ रही हैं। 40 साल बाद पूर्णिया सीट पर महिला उम्मीदवार के रूप में बीमा भारती चुनाव लड़ रही हैं। इससे पहले 1980 में माधुरी सिंह ने कांग्रेस के सिंबल पर चुनाव लड़ा और दो बार इस सीट से जीत हासिल की थी। रुपौली विधानसभा क्षेत्र से 5 बार विधायक बीमा भारती क्या चुनाव जीत पाएंगी, यह 4 जून को पता चल जाएगा।

5379487