Pappu Yadav News: पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने पटना की एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में पेशी के दौरान अपनी जान को खतरा बताया। जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए अदालत लाए गए सांसद ने न्यायाधीश के सामने कहा कि जेल के अंदर उनकी हत्या की साजिश रची जा सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि किसी प्रकार का इंजेक्शन देकर उन्हें नुकसान पहुंचाया जा सकता है।
सांसद ने अदालत से अनुरोध किया कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, क्योंकि उन्हें स्थानीय पुलिस और जेल प्रशासन पर भरोसा नहीं है।
इलाज नहीं मिलने का भी लगाया आरोप
सुनवाई के दौरान पप्पू यादव ने यह भी कहा कि उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा नहीं दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल में जिस तरह पुलिस आधी रात को सादे कपड़ों में कार्रवाई करने पहुंची, उससे उन्हें किसी बड़ी साजिश की आशंका है। उन्होंने अपनी बात लिखित आवेदन और मौखिक रूप से अदालत के समक्ष रखी।
पुराने मामले में बेल, नए केस में रिमांड
एमपी-एमएलए कोर्ट ने गर्दनीबाग थाने में दर्ज करीब तीन दशक पुराने मामले में मंगलवार को पप्पू यादव को जमानत दे दी। हालांकि, उन्हें तत्काल रिहाई नहीं मिल सकी।
दरअसल, हाल ही में उनकी गिरफ्तारी के दौरान हुए हंगामे को लेकर बुद्धा कॉलोनी थाने में अलग से मामला दर्ज किया गया है। इसी केस में अदालत ने उन्हें रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है। इस मामले की अगली सुनवाई बुधवार को तय है।
सरकारी पक्ष की ओर से जमानत का विरोध भी किया गया था और कुछ दिन और हिरासत में रखने की मांग की गई थी, लेकिन अदालत ने पुराने केस में बेल मंजूर कर ली।
आधी रात की गिरफ्तारी से बढ़ा विवाद
गर्दनीबाग थाने में दर्ज 1995 के एक मामले में पुलिस शुक्रवार की रात उनके पटना स्थित आवास पर पहुंची थी। गिरफ्तारी को लेकर पहले पुलिस और सांसद के बीच बहस हुई, जिसके बाद समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण हो गई और आखिरकार पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
अगले दिन अदालत में पेशी के बाद उन्हें बेऊर जेल भेजा गया। स्वास्थ्य संबंधी कारणों से पहले उन्हें पीएमसीएच के कैदी वार्ड में रखा गया था, बाद में हालत स्थिर होने पर जेल शिफ्ट कर दिया गया।











