Logo
पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी में एक दुकानदार की चाकू से घोंपकर हत्या कर दी गई। कसूर इतना था कि आरोपियों का मोबाइल चार्ज करने से मना कर दिया था। यही वारदात में एक मजदूर भी घायल हुआ है।

पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में आज एक दुकानदार की मामूली कहासुनी के बाद चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। यही नहीं, हमलावरों ने एक शख्स को भी घायल कर दिया। बहरहाल, पुलिस ने तीन आरोपियों में से दो को अरेस्ट कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि तीसरे आरोपी को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही उसे अरेस्ट कर लिया जाएगा। 

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कल्याणपुरी पुलिस थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुरी इलाके से खबर मिली थी कि एक दुकानदार पर चाकू से हमला किया गया है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि यह घटना वीर सिंह द्वारा संचालित ऑटो मरम्मत की दुकान पर हुई है। 

प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि तीन युवक आए और मोबाइल फोन चार्ज करने को कहा। वीर सिंह ने मना कर दिया तो दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। इसके बाद तीनों ने उस पर हमला कर दिया। इस दौरान चाकू से भी वार किया, जिसमें वो बुरी तरह से घायल हो गया। 

पूर्वी दिल्ली के डीसीपी अभिषेक धनिया ने बताया कि चाकू के हमले में वीर सिंह की मौत हो गई। उसे बचाने के लिए एक मजदूर आगे आया था, लेकिन हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे वो भी घायल हुआ है। उन्होंने बताया कि घायल मजदूर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

दो आरोपी गिरफ्तार 

डीसीपी ने आगे बताया कि इस वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों में से दो आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया है। दोनों आरोपी की पहचान यामीन और यासीन के रूप में हुई है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही, तीसरे आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि जल्द ही तीसरा आरोपी भी गिरफ्त में होगा।

5379487