Logo
CM Rekha Gupta: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज सर्वोदय विद्यालय की नई बिल्डिंग, 100 आधुनिक ICT लैब्स और मंडलीय शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान का शुभारंभ किया है।

CM Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज 10 फरवरी मंगलवार को पश्चिमी दिल्ली के मानसरोवर गार्डन स्थित सर्वोदय विद्यालय की नवनिर्मित इमारत का उद्घाटन किया है। इसके अलावा सीएम ने 100 आधुनिक ICT लैब्स और  दिलशाद गार्डन में स्थित मंडलीय शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान का भी शुभारंभ किया है।

इस मौके पर शिक्षा मंत्री आशीष सूद भी मौजूद रहे, उन्होंने कहा कि,'राजनीति में 'बदलाव' शब्द का अक्सर प्रयोग किया जाता है, लेकिन असली बदलाव अखबारों के फुल-पेज विज्ञापनों में नहीं, बल्कि क्लासरूम की छत और बच्चों की लैब में दिखाई देता है।'

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि सीएम रेखा गुप्ता की स्पष्ट सोच और दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति की वजह से ही आज सरकारी पैसा विज्ञापन पर नहीं, बल्कि सीमेंट, स्कूल भवन, स्मार्ट क्लासरूम और ICT लैब्स पर खर्च किए जा रहे हैं। इसे लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री जी, शिक्षा निदेशालय की पूरी टीम, लाडली फाउंडेशन और एआईएफ का आभार व्यक्त किया है।

हर क्लास में स्मार्ट बोर्ड-आशीष सूद

शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि NEET, CUET, CLAT जैसे बड़े एग्जाम के लिए कंप्यूटर लिटरेसी जरूरी है, लेकिन सच्चाई यह है कि कई बच्चों के घरों में कंप्यूटर नहीं है। उन्होंने कहा कि एक नई शिक्षा नीति 1984 में “ऑपरेशन ब्लैकबोर्ड” के तहत हर क्लास में ब्लैकबोर्ड पहुंचाना लक्ष्य था। आज मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में दिल्ली सरकार प्रत्येक स्कूल की हर क्लास में स्मार्ट बोर्ड पहुँचाने के लक्ष्य की ओर तेज़ी से आगे बढ़ रही है। 

स्मार्ट बोर्ड लगाए जाएंगे

शिक्षा मंत्री ने कहा कि दिल्ली में 7 हजार से ज्यादा नए कंप्यूटर 1 साल से भी कम समय में सरकारी स्कूलों को दिए जा चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि 175 आईसीटी लैब्स में 7,000 स्मार्ट ब्लैक बोर्ड्स का टेंडर हो चुका है। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के 21,000 क्लासरूम्स में अगले 4 सालों में स्मार्ट बोर्ड लगाए जाएंगे, जिनकी 5 सालों की मेंटेनेंस गारंटी होगी।

शिक्षा मंत्री ने पिछली सरकार पर कसा तंज

शिक्षा मंत्री ने पिछली सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि पहले जिस कंप्यूटर लैब की बात की जाती थी, वहां हकीकत में एक ही CPU से 10 कंप्यूटर चलाए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि वह लैब केवल नाम की थी, लेकिन असल में पूरे कमरे में केवल  एक ही कंप्यूटर सिस्टम मौजूद था। शिक्षा मंत्री ने पुरानी लैब और नई लैब की तुलना भी दिखाई थी।

2000 कंप्यूटर दिए जा चुके-आशीष सूद

उन्होंने कहा कि आज दिल्ली सरकार द्वारा लाडली फाउंडेशन के सहयोग से स्थापित आईसीटी लैब्स में हर टेबल पर अलग कंप्यूटर और अलग यूपीएस उपलब्ध कराए गए हैं। लाडली फाउंडेशन द्वारा अब तक 100 आईसीटी लैब्स में 2,000 कंप्यूटर दिए जा चुके हैं। 75 और लैब्स में 1,500 कंप्यूटर देने का वादा किया गया है।

दिल्ली सरकार का दावा है कि शिक्षा के स्तर को बेहतर करने और बच्चे के भविष्य को देखते हुए यह कदम उठाए गए हैं। नई सरकार का दावा है कि वह केवल दावे नहीं, बल्कि ज़मीन पर काम करके बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने पर ध्यान दे रहे हैं। 100 नई ICT लैब और नए स्कूल की बिल्डिंग को इस दिशा में एक बेहतर और बड़ा कदम माना जा रहा है। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
 

5379487