Logo
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लाडली योजना की जगह जल्द ही 'दिल्ली लखपति बिटिया' नाम से योजना लागू करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि नई योजना पुरानी योजना से बेहतर साबित होगी।

दिल्ली की बीजेपी सरकार ने लाडली योजना को बंद करने का फैसला लिया है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि हम लाडली योजना की जगह एक नई योजना लाएंगे, जिसका नाम 'दिल्ली लखपति बिटिया' योजना होगा। उन्होंने कहा कि यह योजना बेटियों के सर्वांगीण विकास में अहम योगदान देगी। 

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की निवासी हर बच्ची को इस योजना का लाभ दिया जाएगा। जिसका परिवार दिल्ली में रहता होगा, उनके घर की दो बच्चियों को लाभ देंगे। उन्होंने बताया कि इस योजना में 20 हजार की राशि बढ़ाई जाएगी। पहले जो 36000 रुपये थे, अब उसे 56000 रुपये किया है। 12वीं में पहुंचने पर नहीं ग्रेजुएशन करने पर आपको ये मैच्योरिटी मिलती है, जिसमें कम से कम 1 लाख मिलेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि दिल्ली की सभी बेटियां जो इसमें आती हैं, उन्हें इसमें जोड़ा जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि इस योजना में कुछ शर्ते भी लागू की जाएंगी। मसलन, 18 साल से पहले अगर मां-बाप अपनी बेटी की शादी करते हैं तो इस योजना का लाभ उसे नहीं मिलेगा।

लाडली योजना किसने शुरू की

दिल्ली में लाडली योजना की शुरुआत 1 जनवरी 2008 को कांग्रेस शासन के दौरान तत्कालीन सीएम शीला दीक्षित ने की थी। इस योजना का उद्देश्य बच्चियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोध विकसित करना और उच्च शिक्षा में आर्थिक मदद करने और स्वास्थ्य के लिहाज से बेहतरीन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार की गई थी। यह योजना भी सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की बच्चियों के लिए थी। अब सीएम रेखा गुप्ता ने इस योजना को बंद करके 'दिल्ली लखपति बिटिया' योजना को जल्द लागू करने का ऐलान किया है, जिस पर सियासत का गरमाना लाजमी है।

5379487