Logo
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। पारू थाना क्षेत्र के लालू छपड़ा चौक के पास एक तेज रफ्तार सवारी बस और कार के बीच आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। पारू थाना क्षेत्र के लालू छपड़ा चौक के पास एक तेज रफ्तार सवारी बस और कार के बीच आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, जबकि बस भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

टक्कर के बाद मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार काफी तेज थी। सामने से आ रही बस ने कार को सीधी टक्कर मार दी, जिससे कार सड़क पर ही बुरी तरह चिपक गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए, जिससे लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस जांच में जुटी, पहचान नहीं हो सकी
सूचना मिलते ही पारू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया गया।

पुलिस फिलहाल बस नंबर के आधार पर बस मालिक की जानकारी जुटा रही है और फरार चालक व कंडक्टर की तलाश में छापेमारी की जा रही है। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों कार सवारों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि पहचान होते ही परिजनों को सूचना दी जाएगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 

5379487