Bihar Budget Session 2026: दरभंगा में छह साल की मासूम बच्ची के साथ हुई हैवानियत के विरोध में सोमवार, 9 फरवरी को बिहार विधानसभा का नजारा बदला हुआ था। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के नेतृत्व में विपक्षी महिला विधायकों ने विधानसभा के पोर्टिको में जोरदार प्रदर्शन किया।
हाथों में पोस्टर और सरकार विरोधी नारे लगाते हुए विधायकों ने आरोप लगाया कि बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। महिला विधायकों ने कहा कि राज्य में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और सरकार अपराधियों पर लगाम लगाने के बजाय विरोध करने वाली जनता पर लाठीचार्ज करवा रही है। विपक्षी सदस्यों ने नीतीश सरकार को 'गूंगी और बहरी' बताते हुए तुरंत जवाब की मांग की।
विधान परिषद में आमने-सामने आए नीतीश और राबड़ी
हंगामे की तपिश विधान परिषद के अंदर भी महसूस की गई। जैसे ही दोपहर 12 बजे कार्यवाही शुरू हुई, राजद नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने दरभंगा की घटना का जिक्र करते हुए सरकार से संज्ञान लेने को कहा। विपक्षी सदस्य वेल में आकर नारेबाजी करने लगे और मुख्यमंत्री से सीधा जवाब मांगने लगे। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राबड़ी देवी के बीच तीखी बहस की स्थिति बन गई।
#WATCH | Patna, Bihar: RJD leader and former Chief Minister Rabri Devi says, "...This is a useless government... Samrat Choudhary should answer... Atrocities are being committed against Dalits and backward castes. The Chief Minister should resign, Samrat Choudhary is the Home… https://t.co/EU6FzvUvBy pic.twitter.com/0XyU0yB03U
— ANI (@ANI) February 9, 2026
हंगामे को देखते हुए सभापति ने सदन की कार्यवाही को पहले कुछ समय के लिए और फिर दोपहर ढाई बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा- विपक्ष ने कभी काम नहीं किया
विपक्ष के हमलों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी कड़ा रुख अपनाया। सदन में शोर-शराबे के बीच विपक्ष की ओर इशारा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन लोगों ने अपने शासनकाल में कभी कोई काम नहीं किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब से उनकी सरकार आई है, बिहार में हर क्षेत्र में विकास हुआ है और अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
भारी हंगामे के बीच ही शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कुछ जरूरी दस्तावेज पेश किए, लेकिन शोर नहीं थमने के कारण सदन को स्थगित करना पड़ा।
दरभंगा में रविवार को हुआ था बवाल
गौरतलब है कि दरभंगा में शनिवार रात एक छह साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। इस घटना के विरोध में रविवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा था। उग्र भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया था, जिसके जवाब में पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े थे। विपक्ष इसी लाठीचार्ज और अपराध की बढ़ती घटनाओं को आधार बनाकर अब बजट सत्र में सरकार की घेराबंदी कर रहा है।











