Logo
बिहार के छपरा (सारण) में रविवार, 8 फरवरी को हथियारबंद बदमाशों ने 'गुप्ता ज्वेलर्स' से 15 लाख के गहने और कैश लूट लिए। अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। पुलिस जांच में जुटी।

Chhapra News: बिहार के सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुहम्मदपुर बाजार में रविवार को अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। एसबीआई बैंक के सामने वाली गली में स्थित ‘गुप्ता ज्वेलर्स एंड बर्तन भंडार’ में पांच हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े धावा बोला। उत्तर दिशा की ओर से दो बाइकों पर सवार होकर आए इन अपराधियों ने बंदूक की नोंक पर दुकानदार को बंधक बना लिया और करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात ने पूरे बाजार को हिलाकर रख दिया है।

फायरिंग कर बाजार में फैलाई दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी पूरी योजना के साथ आए थे। दुकान के पास पहुंचते ही उन्होंने दहशत पैदा करने के लिए हवाई फायरिंग शुरू कर दी, जिससे आसपास के लोग जान बचाकर भागने लगे। इसके बाद तीन अपराधी हथियार लहराते हुए दुकान के अंदर घुस गए, जबकि उनके दो साथी बाहर पहरा दे रहे थे। अंदर घुसे बदमाशों में से एक के पास बड़ा बोरा था। उन्होंने दुकानदार बृज बिहारी लाल गुप्ता को जान से मारने की धमकी दी और शोकेस व लॉकर में रखे सारे गहने बोरे में भरकर फरार हो गए।

सीसीटीवी में कैद हुई अपराधियों की करतूत
लूट की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि अपराधी कितनी बेखौफी के साथ दुकान में दाखिल हुए और महज कुछ ही मिनटों के भीतर लूटपाट कर फायरिंग करते हुए वापस उत्तर दिशा की ओर निकल गए। फुटेज के आधार पर पुलिस अपराधियों के हुलिए और उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है।

पुलिस की छापेमारी और व्यापारियों में आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस और सदर एसडीपीओ 2 राजकुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित दुकानदार से जानकारी ली। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

उन्होंने दावा किया कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, इस घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों में भारी गुस्सा और डर का माहौल है। व्यापारियों ने बाजार में पुलिस गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा पुख्ता करने की मांग की है।

5379487