Darbhanga Rape Murder Case: बिहार के दरभंगा जिले से एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के पटवा पोखर इलाके में एक मासूम बच्ची की दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। शनिवार देर शाम से गायब बच्ची को परिजन तलाश रहे थे, तभी आवारा कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर लोग तालाब की दीवार की ओर दौड़े। वहां का मंजर देखकर हर कोई दंग रह गया। मासूम बच्ची खून से लथपथ अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ी थी और उसकी जान जा चुकी थी।
खेल रही तीन बच्चियों में से एक को बनाया निशाना
पुलिस की शुरुआती जांच में जो सच सामने आया वह डराने वाला है। बताया जा रहा है कि शाम के वक्त तीन छोटी बच्चियां तालाब किनारे खेल रही थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले विकास महतो ने घात लगाकर हमला किया और एक बच्ची को दबोच लिया। वह उसे घसीटकर अंधेरे में ले गया और हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी। मौके पर मौजूद अन्य बच्चियों ने आरोपी को पहचान लिया, जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी शिनाख्त की।
आरोपी गिरफ्तार, कपड़ों पर मिले खून के धब्बे
वारदात की सूचना मिलते ही दरभंगा एसएसपी जगरनाथ रेड्डी, एफएसएल (FSL) और साइबर सेल की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास महतो को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के वक्त आरोपी के कपड़ों पर खून के धब्बे भी पाए गए हैं।
एसएसपी के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है।
#WATCH | Darbhanga, Bihar | On the rape and murder of a minor, Darbhanga SSP Jagunath Reddy says, "As soon as we received information regarding the incident, the administration reached the spot...The accused have been detained and upon interrogation, they confessed to the crime.… pic.twitter.com/K3XDzngj3a
— ANI (@ANI) February 8, 2026
इलाके में भारी बवाल और पुलिस पर पथराव
इस जघन्य अपराध की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी को उनके हवाले करने की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया। इस दौरान भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव भी किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
एसएसपी जगरनाथ रेड्डी ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और कानून हाथ में लेने वालों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले में 'स्पीडी ट्रायल' चलाकर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।










