Logo
election banner
बिहार में कांग्रेस लोकसभा की 8 से 9 सीटें चाहती है। पीसीसी अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद ने कहा, 29 को INDIA गठबंधन की बैठक है। सीटों के बंटवारे पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

पटना। लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस ने बिहार में लोकसभा की 8 से 9 सीटों पर दावा कर दिया है। एआईसीसी कार्यालय दिल्ली में हुई बैठक के बाद बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा, महागठबंधन के सभी घटक दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। विधानसभा में मौजूदगी के हिसाब से सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय किया जाएगा। बिहार में हमें 8 से 9 सीट मिल जाएंगी तो ठीक रहेगा। 

कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने मंगलवार को बिहार, जम्मू कश्मीर, लद्दाख और पंजाब कांग्रेस के नेताओं के साथ अलग अलग बैठकें कर लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर गहन विचार विमर्श किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल, संबद्ध प्रदेशों के प्रभारी महासचिवों के साथ ही पार्टी के प्रमुख नेताओं ने हिस्सा लिया।

आंध्र प्रदेश व हिमाचल कांग्रेस की बैठक 
कांग्रेस आलाकमान नागपुर में पार्टी स्थापना की 138वीं सालगिरह पर आयोजित सम्मेलन से पहले राज्यों के शीर्ष नेताओं के साथ लगातार बैठकें कर रहा है। मंगलवार को बिहार, पंजाब, जम्मू कश्मीर व लद्दाख के पदाधिकारियों के साथ बैठकें हुईं। बुधवार को आंध्र प्रदेश व हिमाचल प्रदेश के नेताओं के साथ बैठकें होंगी। 

सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्ध
बिहार कांग्रेस कमेटी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बिहार प्रदेश कांगेस के नेताओं से चर्चा हुई। बिहार में महागठबंधन सरकार मज़बूती से बिहार के लोगों के लिए आशा के अनुरूप काम कर रही है। हम सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्ध हैं। बिहार की तरक़्क़ी, ख़ुशहाली और अमन-चैन के लिए कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता पूरी मेहनत से जन-जन तक जाने को और बिहार के लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप खरा उतरने को तत्पर है।

29 को गठबंधन की बैठक
बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि इंडिया गठबंधन के साथ सीटों के बंटवारे के लिए 29 दिसंबर को कांग्रेस की गठबंधन के दलों के साथ समन्वय के लिए बनी समिति की भी बैठक होगी जिसमें सीटों के बंटवारे पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
5379487