Logo
election banner
Shubman Gill के लिए इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगी। पिछले 1 साल से टेस्ट में उनका बल्ला खामोश है। अगर इस सीरीज में उनके बल्ले से रन नहीं निकले तो फिर टीम से छुट्टी भी हो सकती है।

नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट की सीरीज 25 जनवरी से शुरू होगी। इस टेस्ट से पहले ही टीम इंडिया को झटका लगा है। विराट कोहली पहले दो टेस्ट में नहीं खेलेंगे। उनकी कमी तो टीम इंडिया को खलेगी ही। लेकिन, एक बैटर का बेरंग होना उससे ज्यादा डरा रहा है। वो हैं शुभमन गिल।

गिल का हालिया प्रदर्शन औसत रहा है। खासतौर पर टेस्ट क्रिकेट में तो इंडियन क्रिकेट का प्रिंस बेरंग ही रहा है। हालांकि, इस प्रदर्शन के बावजूद गिल का इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेलना करीब-करीब तय है। लेकिन, उनके लिए ये किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगा। क्योंकि इस सीरीज में चूके तो फिर रोहित शर्मा और हेड कोच राहुल द्रविड़ भी गिल को बचा नहीं पाएंगे। 

ये बात हम ऐसे ही नहीं कह रहे। बीते 12 महीने में गिल का टेस्ट में प्रदर्शन फीका रहा है। इसी वजह से उनकी गलती अब बर्दाश्त नहीं होगी। पिछले एक साल में गिल ने 7 टेस्ट खेले हैं। इसमें उन्होंने 27.63 की औसत से 304 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक आया है, जो पिछले साल उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट में जमाया था। इसके बाद से वो टेस्ट में कुछ खास नहीं कर पाए हैं। 

गिल का 2024 में भी आगाज अच्छा नहीं रहा
शुभमन गिल के लिए 2024 का आगाज भी अच्छा नहीं रहा। इस साल उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक टेस्ट खेला और दोनों पारियों में मिलाकर भी 50 रन नहीं बना पाए। गिल के केपटाउन टेस्ट की पहली पारी में 36 तो दूसरी में 10 रन बनाए थे। गिल ने वनडे में तो चमकदार प्रदर्शन किया है। लेकिन, टेस्ट में उस प्रदर्शन को अबतक दोहराने में नाकाम रहे हैं।

गिल ने अबतक 20 टेस्ट में 31 की औसत से 1040 रन ही बनाए हैं। उन्होंने वनडे के 6 के मुकाबले टेस्ट में 2 ही शतक जमाए हैं। वनडे में उनका औसत भी टेस्ट से दोगुना है। 

गिल का इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में खराब रिकॉर्ड
गिल के लिए इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में राह नहीं आसान होगी। ऐसा हम इसलिए कह रहे क्योंकि इंग्लैंड के खिलाफ उनका टेस्ट रिकॉर्ड डराने वाला है। गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ अबतक 5 टेस्ट खेले हैं। इसमें उन्होंने महज 17 की औसत से 140 रन बनाए हैं। इस दौरान वो सिर्फ एक बार ही 50 रन बना पाए हैं।

परेशानी ये है कि गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 में से 4 टेस्ट घर में ही खेले हैं और इसमें उन्होंने 119 रन बनाए हैं। यानी साफ है कि गिल का इंग्लैंड के खिलाफ न तो घर में और न बाहर, रिकॉर्ड अच्छा है। ऐसे में गिल को इसे हर हाल में बदलना होगा। 

गिल की जगह लेने को दो बैटर तैयार
वैसे भी टीम इंडिया में उनकी जगह लेने को कई बैटर तैयार नजर आ रहे हैं। यशस्वी जायसवाल के ओपनिंग की वजह से गिल टेस्ट में तीन नंबर पर बैटिंग कर रहे हैं। लेकिन, तीन नंबर पर उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। उनकी जगह लेने के लिए रजत पाटीदार और चेतेश्वर पुजारा तैयार हैं।

रजत घरेलू क्रिकेट और इंडिया-ए के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। रजत ने हाल ही में इंडिया-ए के लिए इंग्लैंड लॉयंस के खिलाफ 151 रन की पारी खेली थी। उनका फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड भी अच्छा है। रजत 55 मैच में 45 की औसत से 4 हजार रन बना चुके हैं। उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 12 शतक और 22 अर्धशतक ठोके हैं। यानी उनका कन्वर्जन रेट भी अच्छा है। 

रजत और पुजारा का दावा है मजबूत
दूसरी तरफ, चेतेश्वर पुजारा भी मौजूदा रणजी सीजन में शानदार बैटिंग कर रहे हैं। उन्होंने इस सीजन के पहले मैच में ही सौराष्ट्र के लिए 4 नंबर पर बैटिंग करते हुए 243 रन की नाबाद पारी खेली थी। इसके बाद उन्होंने 49,43,43 और 66 रन की पारियां खेली हैं। उनके पास 100 टेस्ट से अधिक का अनुभव भी है। ऐसे में गिल के लिए इंग्लैंड की सीरीज करो या मरो वाली है। अगर उनका बल्ला चला तो टेस्ट करियर भी चल निकलेगा, वर्ना टीम में जगह बचा पाना मुश्किल होगा।     

5379487